श्री हनुमान प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव: आस्था, शक्ति और भक्ति का विराट संगम
श्री हनुमान प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव: आस्था, शक्ति और भक्ति का विराट संगम
24 मार्च से 2 अप्रैल तक जानराय टौरिया में चलेगा अनुष्ठान
देश भर के संत महात्मा देंगे आहुतियां
छतरपुर। शहर के प्रतिष्ठित मंदिर जानराय टौरिया में आगामी 24 मार्च से 2 अप्रैल तक देश की सबसे विशाल श्री हनुमान की अष्टधातु की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित हो रहा है। 10 दिनों तक आस्था, शक्ति और भक्ति का विराट संगम देखने को मिलेगा। इस महोत्सव में देश के संत महात्मा एवं कथावाचक शामिल होंगे। जानराय टौरिया के महंत भगवान दास श्रृंगारी महाराज ने आयोजन के संबंध में मीडिया से चर्चा कर कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। उन्होंने बताया कि 24 मार्च को कलश यात्रा के साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू होगा। यह महोत्सव हनुमान जन्मोत्सव 2 अप्रैल तक चलेगा। हर रोज श्री राम एवं हनुमंत कथा श्रवण करने का अवसर मिलेगा।
जानराय टौरिया के मीडिया प्रभारी लोकेश चौरसिया ने बताया कि भारत की सबसे बड़ी अष्टधातु की श्री हनुमान जी की प्रतिमा इस मंदिर परिसर में स्थापित की जा रही है। श्री हनुमान प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का एक भव्य उत्सव होगा। श्री हनुमान जी की प्रतिमा भक्तों के लिए आस्था का नया केंद्र बनेगी। यह महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं का जीवंत उत्सव है। इस अवसर पर पं. रामस्वरूपाचार्य महाराज तीन दिन की कथा श्रवण कराएंगे। इसके अलावा जनमेजय शरण महाराज, मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास महाराज, बालक योगेश्वर दास महाराज, गोरेलाल कुंज के महंत किशोर दास महाराज, मदन मोहन दास महाराज, डाकोर के 102 वर्षीय संत के अलावा देश के कोने-कोने से संत, महंत, और धर्माचार्य इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने और आशीर्वाद प्रदान करने हेतु पधारेंगे। उनके सान्निध्य में यज्ञ, पूजन, भजन-कीर्तन और विभिन्न आध्यात्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। विशाल अष्टधातु प्रतिमा न केवल शिल्पकला का अद्भुत उदाहरण है, बल्कि यह शक्ति, साहस और भक्ति के प्रतीक भगवान हनुमान के प्रति अटूट विश्वास को भी दर्शाती है। इस प्रतिमा की स्थापना से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी।लाखों भक्तों के इस महाआयोजन में शामिल होने की संभावना है।
171 क्विंटल पीतल के साथ तैयार हुई अष्टधातु की प्रतिमा
श्रृंगारी महाराज में बताया कि करीब 8 वर्ष पहले उनके मन में विशाल प्रतिमा लगाने का भाव आया था लेकिन यह संकल्प था कि जब अयोध्या में श्री रामलला विराजमान होंगे उसके बाद ही मंदिर में विशाल अष्टधातु की मूर्ति स्थापित की जाएगी। 8 वर्ष पूर्व लिया गया संकल्प अब मूर्त रूप ले चुका है। 171 क्विंटल पीतल के अलावा सोना, चांदी, तांबा सहित आठ धातुएं शामिल है उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से लगातार मूर्ति के निर्माण का कार्य चलता रहा अब मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का समय आ गया है। सभी धर्म प्रेमियों के सहयोग से यह विशाल कार्य किया जा रहा है।
सभी समाजों की महिला अध्यक्षों ने ली व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी
मंदिर प्रांगण में शनिवार को सभी समाजों की महिला अध्यक्षों ने बैठक करते हुए भरोसा दिया कि कलश यात्रा से लेकर आयोजन के संबंध में सभी व्यवस्थाएं वह संभालेंगी।कार्यक्रम में महिला श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसका दायित्व महिला अध्यक्ष लेगी।
ये होंगे कार्यक्रम
24 मार्च को संत श्री शरीर महाराज आश्रम से कलश यात्रा प्रारंभ होगी,24 मार्च से ही प्रतिदिन श्रीराम एवं हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा। 25 को नौ दिवसीय श्रीरामचरित मानस अनुष्ठान का शुभारंभ होगा, 25 एवं 26 मार्च को ज्ञान यज्ञ एवं भक्ति संगीत महोत्सव के बाद रात्रि में रामलीला, रासलीला, भक्ति नाट्य मंचन का भी आयोजन होगा। 24 मार्च से 01 अप्रैल तक प्रतिदिन श्रीराम एवं हनुमंत कथा का वाचन किया जाएगा। जिसमें 24 मार्च को बुन्देलखण्ड पीठाधीश्वर सीताराम दास महाराज गोवर्धन निर्मोही अखाड़ा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक कथा सुनाएंगे। इसी तरह 26 मार्च को डॉ. स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज नरसिंह मंदिर जबलपुर श्रद्धालुओं को कथा का श्रवण कराएंगे। 27,28 एवं 29 मार्च को जगतगुरू रामस्वरूपाचार्य जी महाराज कामदगिरि पीठाधीश्वर कथा श्रवण कराएंगे। 30,31 मार्च व एक अप्रैल को जगतगुरू विष्णु देवाचार्य मिथिला धाम श्रद्धालुओं को संगीतमय कथा सुनाएंगे। 02 अप्रैल को श्रीरामचरित मानस अनुष्ठान की पूर्णाहुति एवं महाबली के विशाल विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा सुबह 8 बजे से की जाएगी। दोपहर बाद विशाल भण्डारे का आयोजन होगा।

जस्टिस नागरत्ना ने न्यायिक सुधार पर रखा महत्वपूर्ण सुझाव
केरल विधानसभा चुनाव: पीनाराई विजयन ने विपक्ष पर साधा तीखा हमला
बेमौसम बारिश और आंधी ने मचाई तबाही
महाराजा छत्रसाल शौर्य पीठ पर गूंजा बुंदेलखंड केसरी का शौर्य
श्री हनुमान प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव: आस्था, शक्ति और भक्ति का विराट संगम
ईद की नमाज के साथ दिया गया अमन-चैन का संदेश
चंदला क्षेत्र में बगैर मुंडेर के कुएं में मिला तेंदुए का शव
आईजी हिमानी खन्ना ने किया नए पुलिस कंट्रोल रूम का शुभारंभ
छतरपुर में बदला मौसम का मिजाज, तेज हवाओं संग बूंदाबांदी
चौक बाजार में सजा राम दरबार, आरती में उमड़ा जनसैलाब