ईद की नमाज के साथ दिया गया अमन-चैन का संदेश

बड़ी ईदगाह में सामूहिक नमाज, एक-दूसरे को गले लगाकर दी मुबारकबाद, नेताओं ने भी दी बधाई

छतरपुर। छतरपुर की बड़ी ईदगाह में ईद-उल-फित्र की नमाज के साथ शहरवासियों ने खुशी और उल्लास के साथ त्योहार मनाया। ईदगाह में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्र हुए और सामूहिक नमाज अदा की। नमाज के दौरान अमन, चैन, भाईचारे और देश की खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और त्योहार की खुशियां बांटीं।
ईदगाह के बाहर पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष गगन यादव सहित कांग्रेस पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने मुस्लिम भाइयों को ईद की ढेर सारी मुबारकबाद दी और भाईचारे के इस पावन अवसर पर सद्भावना का संदेश दिया। इस मौके पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
पूरे कार्यक्रम में शांतिपूर्ण माहौल रहा और शहर में त्योहार का उत्साह छाया रहा। लोगों ने कहा कि ईद का यह त्योहार सिर्फ धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक एकता और आपसी प्रेम का प्रतीक है। छतरपुर में इस बार ईद ने एक बार फिर अमन-चैन और सद्भावना का मजबूत संदेश दिया।

नगर की ईदगाह में अदा की गई ईद-उल-फितर की नमाज

बड़ामलहरा। मुस्लिम समुदाय पवित्र माह रमजान में तीस दिनों के रोजा और कुरान शरीफ कि तिलावत के बाद ईद-उल-फितर के अवसर पर नगर की ईदगाह में मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर नमाज अदा की। इस अवसर पर हाफिज नमाज सिद्दीकी के द्वारा ईद की विशेष नमाज अदा कराई गई। नमाज के बाद सभी लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। वही थाना प्रभारी श्रद्धा शुक्ला, पुलिस बल एवं राजस्व का अमला मौके पर तैनात रहा। 

नौगांव में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ईद का त्योहार

नौगांव में ईद का पर्व बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। छतरपुर रोड स्थित ईदगाह पर सुबह 8:30 बजे बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने एकत्रित होकर ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। इसके पश्चात सुबह 9:30 बजे बिलहरी रोड स्थित रिसाला मस्जिद में भी नमाज अदा की गई, जहां देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी गई। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूर्व विधायक नीरज दीक्षित, एसडीओपी हर्ष राठौर, तहसीलदार रमेश कॉल, थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, उपाध्यक्ष दौलत तिवारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अंजुल सक्सेना, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप यादव सहित कई पार्षद और समाजसेवी कार्यक्रम में शामिल हुए।  

सटई में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद-उल-फितर

सटई नगर में ईद-उल-फितर का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह लगभग 9 बजे सैकड़ों मुस्लिम भाई बस स्टैंड स्थित ईदगाह में एकत्रित हुए, जहां जामा मस्जिद के मौलाना स्वालहीन रजा द्वारा ईद की नमाज अदा कराई गई। नमाज से पहले हाफिज ने नमाज पढऩे की विधि बताई तथा इमाम ने खुतबा पेश किया। नमाज के बाद मुल्क और शहर में अमन-चैन व खुशहाली के लिए विशेष दुआ मांगी गई। इस दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नमाज के पश्चात लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।

न्यूज़ सोर्स : Mail