जिला अस्पताल में मरीजों की बढ़ती भीड़


डॉ. मनोज चौधरी ने बाहर बैठकर किया इलाज

छतरपुर। मंगलवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके कारण कई मरीजों को डॉक्टर से परामर्श के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा था। भीड़ और इंतजार से परेशान मरीजों की हालत देखकर जिला अस्पताल के प्रसिद्ध सर्जन डॉ. मनोज चौधरी ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाई और अपने चेम्बर से बाहर निकल आए।
डॉ. मनोज चौधरी ने इंतजार कर रहे मरीजों के स्थान पर ही एक कुर्सी रखवाई और वहीं बैठकर मरीजों की जांच शुरू कर दी। उन्होंने बाहर बैठे हुए ही मरीजों के हालचाल पूछे, उनकी जांच की और आवश्यक दवाओं के पर्चे भी लिखे। इस अनोखी पहल से लंबी कतार में खड़े मरीजों को जल्दी राहत मिली और उनका इंतजार काफी कम हो गया।
डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि मरीजों की संख्या बहुत अधिक थी और वे लंबे समय से खड़े इंतजार कर रहे थे। ऐसे में उन्हें ज्यादा देर तक परेशान नहीं देखा जा सकता था, इसलिए बाहर आकर ही जांच और परामर्श देने का फैसला लिया। डॉक्टर की इस मानवीय और व्यावहारिक पहल की अस्पताल में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और स्टाफ में खूब सराहना हुई। कई लोगों ने इसे एक सराहनीय और अनुकरणीय कदम बताया, जिससे सरकारी अस्पताल में मरीजों के प्रति डॉक्टरों का समर्पण एक बार फिर उजागर हुआ।

न्यूज़ सोर्स : Mail