305 दामादों के स्वागत के लिए जनकपुर बना बागेश्वर धाम


टाइगर राजा, सांसद मनोज तिवारी, राजस्थान के मंत्री ने भी दी बेटियों को शुभकामनाएं


आठ देशों के राजदूत देंगे बेटियों को आशीर्वाद

छतरपुर। बागेश्वर धाम इन दिनों अद्भुत आध्यात्मिक और सामाजिक उत्साह का केंद्र बना हुआ है। 10 दिवसीय विवाह महोत्सव के अवसर पर देश-विदेश से महापुरुष, संत महात्मा अपनी उपस्थिति दे रहे हैं। बेटियों को आशीर्वाद देने अर्जेंटीना, चिल्ली, पेरू, उरुग्वे, कोलंबिया, पनामा, सूरीनाम, पैराग्वे के राजदूत भी आ रहे हैं।305 दामादों के स्वागत के लिए बागेश्वर धाम जनकपुर बन गया है। समूचे बागेश्वर धाम क्षेत्र को रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक फूलों की सजावट और पारंपरिक तोरण द्वारों से सजाया गया है। आयोजन समिति ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं ताकि हर बेटी का विवाह गरिमा, सम्मान और पूरे वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हो सके। इस सामूहिक विवाह समारोह में दूर-दराज से आने वाले वर-वधुओं और उनके परिजनों के ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। सामाजिक समरसता और सेवा भाव के इस महायज्ञ में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। शनिवार को आंध्र प्रदेश के चर्चित विधायक और सनातन के प्रखर समर्थक टी राजा दिल्ली सांसद मनोज तिवारी के अलावा अनुराग कृष्ण शास्त्री, महंत अर्पित दास महाराज झांसी, महंत रामदास महाराज रंग महल अयोध्या, देवी चित्रलेखा होडल, राम भजन दास महाराज ग्वालियर, राजू दास महाराज अयोध्या,  बाल योगेश्वर दास महाराज बद्रीनाथ, अनुज शास्त्री, माधव तिवारी सहित संत महंतों ने अपनी हाजिरी लगाई।


हर जोड़े के लिए बनाया गया मंडप, उपहार सामग्री बेटी का बढ़ा रही मान


305 जोड़ों के लिए 305 मंडप बनाए गए हैं ताकि बेटियों का पाणिग्रहण विधिवत संपन्न हो सके। पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। गृहस्थी का वह हर सामान बागेश्वर महाराज उपहार स्वरूप अपनी बेटी को दे रहे हैं जो आवश्यक है। उपहार सामग्री बालाजी की बेटियों का मान बढ़ा रही है।


रसमलाई नागपुर से आई


बागेश्वर धाम पीठाधीश पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भोजन भंडारे पर विशेष ध्यान देते हैं, खासतौर से अपने दामादों के लिए जितना ज्यादा से ज्यादा हो सके वह बेहतर करते हैं। महोत्सव में सात प्रकार की मिठाई तैयार कराई जा रही है। इतना ही नहीं रसमलाई तो महाराज श्री ने नागपुर से मंगाई है। 5 से 8 लाख लोगों के भंडारे की अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई है। तीन से चार जगह भंडारा बनाया जा रहा है। बारातियों को बफे सिस्टम के माध्यम से रुचिकर भोजन कराया जाएगा।


बेटियों सहित संतों के हाथ में रचाई गई मेहंदी


 महोत्सव के अवसर पर अंतिम 3 दिन विशेष व्यवस्थाएं की गई। मंडप के दिन हल्दी का कार्यक्रम हुआ। दूर-दूर से आए लोगों एवं बेटियों को हल्दी लगाई गई, मुख्यमंत्री को भी इस अवसर पर हल्दी लगाई गई। अगले दिन मेहंदी का कार्यक्रम रहा। जो बेटियां बागेश्वर धाम वैवाहिक कार्यक्रम में आई है उन्हें कानपुर सहित विभिन्न स्थानों से आए मेंहदी लगाने वालों ने मेहंदी लगाई। इतना ही नहीं मंच पर उपस्थित संतो के हाथों में भी महाराज श्री द्वारा मेहंदी लगवाई गई।


1200 लोगों ने ली सन्यासी बाबा की साधना दीक्षा


दीक्षा प्रभारी चक्रेश सुल्लेरे ने बताया कि सन्यासी बाबा की साधना दीक्षा के लिए 12 सौ लोग शामिल हुए। बागेश्वर महाराज ने सभी साधकों को नियम बताए। महाराज श्री ने कहा कि अदृश्य चेतनाएं जनकल्याण के लिए घूम रही है। मंत्र, जप, वाचा और साधना के माध्यम से इन चेतनाओं का अनुभव कर जनकल्याण का कार्य करें। यदि चेतना की खुशबू आए तो समझ लो साधना सफल हो रही है। महाराज श्री ने कहा कि साधना प्राप्त कर भारत में फैले अंधविश्वास को खत्म करके लोगों को सनातन से जोडऩे का काम करें।


संकल्प दर्शन दीर्घा दिखा रही है तपस्या की पगडंडी से सिद्ध पीठ की यात्रा

इस आयोजन के अवसर पर एक दर्शन दीघा लगाई गई है जिसके माध्यम से सनातन पर होने वाले अत्याचार को उद्धृत किया गया है। लोग इस दर्शन दीर्घा के माध्यम से यह जान सकें कि विधर्मियों ने सनातन को कुचलने के कितने प्रयास किये लेकिन ईश्वर ने समय-समय पर महापुरुषों के रूप में अपना प्रतिनिधि भेज कर लोगों को जगाया और सतर्क किया है। पेप्टिक ग्रुप के डायरेक्टर विनय चौरसिया की ओर से तैयार की गई दर्शन दीर्घा के माध्यम से श्रद्धालु न केवल आध्यात्मिक इतिहास से परिचित हो रहे हैं बल्कि तप और संकल्प की शक्ति का संदेश भी ग्रहण कर रहे हैं। बागेश्वर महाराज की अब तक के जीवन की चुनौतियों को भी दर्शन दीर्घा में रेखांकित किया गया है। अभाव में तपकर बागेश्वर महाराज का जीवन खरा सोना बन गया है। वह वैश्विक हिंदू चेतना के उदय का माध्यम बन गए हैं। यह दीघा आस्था विश्वास और धैर्य की प्रेरणा देती है।


क्षेत्रीय विधायक पटेरिया का लगातार जारी है खिचड़ी प्रसाद

राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया बागेश्वर धाम आने वाले धर्म प्रेमियों को अपनी ओर से खिचड़ी प्रसाद बांट रहे हैं। पिछले दो दिनों से लोगों को यह प्रसाद मिल रहा है। देश ही नहीं, विदेशों से भी उमड़ रहे श्रद्धालुओं के बीच क्षेत्रीय विधायक अरविंद पटेरिया स्वयं अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सेवा कार्य में जुटे हैं। विधायक अरविंद पटेरिया लगातार लाखों भक्तों को खिचड़ी प्रसाद वितरित कर रहे हैं। पिछले दो दिनों से वे श्रद्धालुओं के बीच उपस्थित रहकर सेवा, समर्पण और जनसहभागिता का उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

 

न्यूज़ सोर्स : Mail