राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने खेली होली, समर्थकों संग नाचे

छतरपुर। होली का त्योहार इस बार छतरपुर जिले में एक अनोखे और देसी अंदाज में मनाया गया, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। चंदला विधानसभा से विधायक तथा मध्य प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार पारंपरिक रंग-गुलाल को छोड़कर अपने समर्थकों के साथ जमकर कीचड़ की होली खेलते नजर आए। मंत्री जी खुद कीचड़ में उतरकर मस्ती करते दिखे, जहां समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठाकर नाच-गाना किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और होली गीतों की धुन पर पूरा माहौल उत्सवमय हो उठा।
वीडियो और तस्वीरों में मंत्री दिलीप अहिरवार कीचड़ से सराबोर होकर मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं। उनके समर्थक भी कीचड़ उछालते, एक-दूसरे पर लगाते और जमकर होली खेलते नजर आ रहे हैं। कई लोग मोबाइल से रिकॉर्डिंग करते हुए इस मस्ती में शामिल हुए, और अब ये वीडियो-तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग इस देसी स्टाइल की होली को देखकर काफी उत्साहित हैं।
इस मौके पर मंत्री दिलीप अहिरवार ने क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा, होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। सभी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करें और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाएं।

न्यूज़ सोर्स : Mail