फोरलेन पर गुरुवार की सुबह छह बजे मुंडेरवा थानाक्षेत्र के खझौला गांव के पास संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव खून से लतपथ मिला है। महिला के कपड़े अस्तव्यस्त हालत में हैं। वहीं आस पास के लोगों को भी घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतका की पहचान कराने की कोशिश की, मगर कुछ पता न चल सका। ऐसे में शव को जिला अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया है।

बस्ती- गाेरखपुर लेन पर खझौला गांव के निकट कुछ लोगों ने जब महिला का शव देखा तो गांव के प्रधान को सूचना दी। प्रधान अंकुर ने घटना की सूचना पुलिस को सूचना दी। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। उसके कपड़े अस्तव्यस्त हालत में मिले हैं। शरीर पर लाल रंग का बार्डर वाला ब्लाउज है।

इसके अलावा नीले रंग की साड़ी मिली है। उसके एक हाथ में गोदना का निशान है। मृतक की उम्र 50 के करीब बताई जा रही है। खझौला चौकी के उपनिरीक्षक कृष्णकांत तिवारी ने अपनी टीम के साथ पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। आस पास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की,मगर कोई कुछ भी बता न सका।

उप निरीक्षक के अनुसार महिला की मृत्यु किसी वाहन की चपेट में आने से हुई है, वहीं आस पास के लोगों को आशंका है कि महिला के शव को यहां लाकर फेंका गया है। बहरहाल पुलिस अभी महिला के शव की पहचान कराने में लगी है। इसी कारण से उसे मर्चरी में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है।