अलीगढ़।  जनपद की सात विधान सभा सीटों पर भाजपा की प्रचंड जीत पर कार्यकर्ताओं के अंदर एक अलग ही उत्साह सुबह से देखने को मिला। इतना ही नहीं महानगर में होली एवं दीपावली दोनों एक साथ ही मनाई। इस दौरान एक ओर कार्यकर्ताओं ने गुलाल उड़ाकर जीत का जश्न मनाया वहीं दूसरी ओर आतिशबाजी करके एक अलग ही उमंग व उत्साह के साथ अपनी जीत का जश्न मनाया। वहीं धनीपुर मंडी स्थित महादेव वाटिका पर शहर विधानसभा का कार्यालय बनाया गया जहां पर बड़ी एलसीडी लगा कर लोगों ने चुनाव परिणाम देखें। इसके साथ ही बारहद्वारी  स्थित भाजपा महानगर कार्यालय पर कार्यकर्ताओं द्वारा साउंड बजा कर आतिशबाजी की और व्यापारियों में मिष्ठान वितरण किया।इसके बाद शाम को पार्टी के कार्यकर्ता महानगर चुनाव कार्यालय रामलीला ग्राउंड में एकत्र हुए जहां पर गुलाल की होली ढोल नगाड़ों पर लोगों ने जीत का नृत्य का जश्न मनाया।वहीं भाजपा विधायक मुक्ता संजीव राजा ने वार्ष्णेय मंदिर जाकर एवं महावीर गंज स्थित हनुमान मंदिर जाकर तथा संघ कार्यालय जाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।वहीं महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत ने कहा कि भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से सातों विधानसभा की सीटों पर जीत प्राप्त हुई है जिसके लिए सभी कार्यकर्ताओं ने दिन रात मेहनत कर पार्टी के लिए घर-घर जाकर पार्टी का झंडा बुलंद किया है व लोगों को जागरूक किया है।इसके साथ ही पार्टी द्वारा चलाई गई जन विश्वास यात्रा ने लोगों का विश्वास पार्टी के प्रति जीता है और सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं को इस जीत का श्रेय जाता है और वे सभी देव तुल्य कार्यकर्ताओं को बहुत बहुत बधाई देते हैं।खास बात ये है कि पार्टी की जीत का जयघोष होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के सह मीडिया प्रभारी विशाल देशभक्त ने पार्टी कार्यालय पर भाजपा का झंडा फहराया और मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सुबह से ही लोगों की निगाहें चुनाव परिणाम पर बैठकर जमी हुई थी और जैसे ही दोपहर बाद शाम को परिणाम आया लोगों के अंदर उत्साह देखते ही बन रहा था।उन्होंने बताया कि कहीं लोगों ने होली मनाई तो कहीं लोगों ने दीपावली मनाई लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयां दीं व आतिशबाजी कर लोगों ने जश्न मनाया।इसके अलावा कई स्थान पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर लेकर अपनी खुशी मनाकर विरोधियों के किले ध्वस्त होने का संकेत दिया।