भोपाल । मध्य प्रदेश में फिर सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। पिछली बार की तरह इस बार भी पार्टी द्वारा जनता के सामने घोषणा पत्र की जगह वचन पत्र रखा जाएगा। इसे तैयार करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने पूर्व विधायक राजेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में 19 सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन किया है। इसके उपाध्यक्ष एवं संयोजक पूर्व मंत्री बाला बच्चन होंगे। यह आमजन से विचार करके अपने सुझाव अध्यक्ष को देगी। समिति में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथ, मंडलम और सेक्टर इकाइयों का गठन कराने के साथ राजनीतिक आंदोलनों की रुपरेखा तैयार करा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने वरिष्ठ नेताओं की समिति बनाई है। साथ ही अब वचन पत्र तैयार करने के लिए सलाहकार समिति गठित की है। यह समिति सामाजिक संगठनों, विभिन्न् वर्गों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और सिविल सोसायटी के सदस्यों के साथ विचार मंथन करेगी। समिति के सदस्य संभाग और जिला स्तर पर आमजन से भी राय लेंगे। इसके आधार पर किसान, युवा, महिला, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग के लिए कांग्रेस के कार्यक्रम तय होंगे। कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, औद्योगिक विकास सहित अन्य विषयों को इसमें शामिल करते हुए प्रदेश के विकास का रोडमैप वचन पत्र में प्रस्तुत किया जाएगा।

क्षेत्रीय और जातीय समीकरण को साधा
सूत्रों ने बताया कि समिति में सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। सामान्य, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग से पार्टी पदाधिकारियों को सदस्य बनाया है। अधिकारियों-कर्मचारियों का पक्ष रखने के लिए सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी वीके बाथम और कर्मचारी कांग्रेस के अध्यक्ष वीरेन्द्र खोंगल को समिति में रखा है। विंध्य, मालवा, निमाड़, महाकोशल, मध्य क्षेत्र से वरिष्ठ नेताओं को सदस्य बनाकर संतुलन बनाया गया है।

इन्हें बनाया सदस्य
सज्जन सिंह वर्मा, डा. विजयलक्ष्मी साधौ, एनपी प्रजापति, लाखन सिंह यादव, मुकेश नायक, सुखदेव पांसे, ओमकार मरकाम, तरुण भनोत, कमलेश्वर पटेल, आरिफ मसूद, फूल सिंह बरैया, सैयद साजिद अली, शोभा ओझा, वीके बाथम, केदार सिरोही, वीरेन्द्र खोंगल और महेन्द्र सिंह।

विशेष आमंत्रित सदस्य
दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, विवेक तन्खा, कांतिलाल भूरिया, अजय सिंह, अरुण यादव और मीनाक्षी नटराजन।