भोपाल ।   जिलों में 'लाड़ली लक्ष्मी पथ" और शहरों में 'लाड़ली लक्ष्मी वाटिका" की स्थापना के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बेटियों (लाड़ली लक्ष्मियों) को अपने हाथ से पत्र लिखेंगे। पत्र में शुभकामनाओं के साथ बेटियों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का भी उल्लेख रहेगा। ये पत्र आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के माध्यम से बेटियों व उनके अभिभावकों को भेजे जाएंगे। सरकार बुधवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में राज्य स्तरीय प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसमें कालेज जाने वाली प्रदेशभर से 1437 लाड़लियां शामिल होंगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उनके बैंक खातें में 12 हजार पांच सौ रुपये प्रोत्साहन राशि जमा कराएंगे। लाड़ली लक्ष्मी योजना-दो में यह प्रविधान किया गया है। इसी के साथ योजना का क्रियान्वयन शुरू हो जाएगा। यह कार्यक्रम सभी जिला मुख्यालय, ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिका परिषद में होंगे। जिनमें अभिभावकों को पीले चावल देकर आमंत्रित किया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री राजधानी की लिंक रोड नंबर-दो का 'लाड़ली लक्ष्मी पथ" और स्मार्ट सिटी पार्क का 'लाड़ली लक्ष्मी वाटिका" नामकरण और लोकार्पण करेंगे। सभी जिला मुख्यालयों पर एक-एक सड़क और शहरों में एक-एक उद्यान का नाम रखा जाएगा। इसे थीम बेस्ड वाटिका के रूप में विकसित किया जाएगा। लाड़लियों के जन्मोत्सव और उनसे संबंधित अन्य कार्यों में वाटिका का उपयोग किया जाएगा। दोनों ही स्थान पर लोकार्पण पत्थर लगाए जाएंगे। ये ऐसे स्थान होंगे जिनका पहले नामकरण न हुआ हो। मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बेटियों से बात करेंगे। इस कार्यक्रम का इंटरनेट मीडिया के माध्यम से प्रसारण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 42 लाख लाड़ली लक्ष्मी हैं। इनमें से करीब डेढ़ हजार बालिकाओं ने इस साल कालेज में प्रवेश लिया है। योजना के तहत बालिकाओं को अभी 12 हजार पांच सौ रुपये दिए जाएंगे। जबकि कालेज की पढ़ाई पूरी होने पर फिर से 12 हजार पांच सौ रुपये दिए जाएंगे। यह कार्यक्रम 'मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस" कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है, जो सात दिन तक चलेगा।

जिलों में भी होगा नामकरण

सभी जिलों में सड़क और उद्यान का नामकरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में लाड़लियों के अभिभावक और स्थानीय जन प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। वे वाटिका में पौधारोपण भी करेंगे। पथ और वाटिका के नामकरण के बाद मुख्यमंत्री का उदबोधन सुना जाएगा। कार्यक्रम में महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं को बुलाया जाएगा।

महिला मोर्चा भी मनाएगा लाड़ली लक्ष्मी उत्सव

ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, नगरपालिका परिषद और जिला मुख्यालयों पर लाड़ली लक्ष्मी उत्सव के कार्यक्रम की सफलता के लिए भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी-कार्यकर्ता विभिन्न् योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क करेंगे। मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया ने बताया कि मोर्चा की महिलाएं लाड़ली लक्ष्मी वाटिका में पौधारोपण करेंगी।