इंदौर।   देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के गर्ल्स होस्टल परिसर के सिक्यूरिटी गार्ड को कमरे में बंद कर चोर यहां लगे चंदन के दो पेड़ काट ले गए। होस्टल से महज 100 मीटर की दूरी पर कुलपति डा. रेणु जैन का बंगला है। मामले में भंवरकुआं थाने में विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिकायत दर्ज करवाई है।

नौलखा स्थित कमला नेहरू गर्ल्स होस्टल परिसर में बुधवार रात को चंदन के दो पेड़ कट गए। ये पेड़ सिक्यूरिटी गार्ड रूम के पीछे की तरफ लगे थे। यहां दो सिक्यूरिटी गार्ड की ड्यूटी थी। दोनों गार्ड ने गुरुवार सुबह होस्टल वार्डन को घटना की सूचना दी। गार्डों ने वार्डन को बताया कि छह बदमाश बुधवार रात में होस्टल परिसर में घुसे थे। पहले उन्होंने हमारे कमरे को बाहर से बंद कर दिया और इसके बाद पेड़ काटकर ले गए। मामले में दोनों सिक्यूरिटी गार्डों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटनाक्रम के दौरान गार्ड ने किसी को कॉल भी नहीं किया और न ही शोर मचाया। महज दस मिनट में चोरों ने दोनों चंदन के पेड़ काट लिए।

तीन बार पहले भी हुई चोरी

 

चार साल में विश्वविद्यालय परिसर से तीन बार चंदन के पेड़ चोरी हो चुके हैं। 2018 में आरएनटी मार्ग स्थित नालंदा परिसर के गार्डन से चोर पेड़ काट ले गए थे। 2019 में एक इसी जगह एक और पेड़ कटा पाया गया था। 2020 में कुलसचिव कार्यालय के पीछे पार्किंग में लगा चंदन का पेड़ चोरी हो गया था।

दो पेड काटे गए

होस्टल परिसर से चंदन के दो पेड़ काटे गए हैं। इसके बारे में विश्वविद्यालय प्रशासन को जानकारी दी है। मामले में भंवरकुआं थाने में लिखित शिकायत कर दी है।

डा. नम्रता शर्मा, चीफ वार्डन, डीएवीवी