सीहोर  जिले भर में गुरूवार को संविधान निर्माता डा भीमराव अंबेडकर की जयंती उत्साह से मनाई गई। इस मौके पर जिला मुख्यालय सहित ब्लाक और ग्रामीण अंचलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गए। सभी ने अपने अपने तरीके से डा अंबेडकर को याद किया और पुष्प अर्पित किये। मुख्य आयोजन बहुजन उत्सव समिति के तत्वाधान में आयोजित किया गया। इसमें बुद्ध वंदना विशाल चल समारोह, भीम कथा और सांस्कृतिक कार्यक्रम वाल विहार में आयोजित किये गए। वहीं कांग्रेस द्वारा गीता मानस भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा सीहोर मंडल द्वारा मुर्दी स्थित अंबेडकर पार्क में जयंती मनाई गई। इसमें विधायक सुदेश राय ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ अंबेडकर जयंती पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। इसी प्रकार जिले भर की पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित की गई। लोगों ने अपने घरों में डा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और तस्वीरों के समक्ष पुष्प अर्पित कर कैंडल जलाये।गुरुवार को डा भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर बहुजन उत्सव समिति के तत्वाधान में निकाले गए चल समारोह में बड़ी संख्या में जिले भर से लोग शामिल हुए। इसके बाद अंबेडकर धर्मशाला से चल समारोह की शुरूआत हुई जो शहर के भोपाल नाका, इंगलिशपुरा, कोतवाली चौराहा मुख्य मार्ग से होते हुए बाल विहार मैदान पहुंचा।

इस दौरान चल समारोह में शामिल बागियों में महापुरूष चित्र सुशोभित थे। वहीं बैंड, डीजे शामिल थे। इस मौके पर बाइक रैली निकाली गई। चल समारोह में महिला पुरुष पंचशील ध्वज एवं नीला झंडा थामे हुए थे, इस दौरान जयभीम के नारे गुंजायमान होते रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग शामिल रहे।

संविधान ने सबको दिये समान अधिकार 

कांग्रेस के तत्वाधान में गीता मानस भवन में डा भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। इस मौके पर बोलते हुए पूर्व विधायक रमेश सक्सेना ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने अपने जीवन में संघर्ष किया। उन्होंने छुआछूत का सामना किया।