भोपाल । मध्यप्रदेश में रात के तापमान में उतार-चढाव का सिलसिला बरकरार है। वातावरण से नमी कम होने के कारण बादल छंट गए है। इस वजह से रात के तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी है। मौसम विभाग के  अनुसार,वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। इस वजह से मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार गर्म होने लगा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में राजस्थान, गुजरात में तपिश बढ़ गई है। हवा का रुख भी पश्चिमी बना हुआ है। इसके चलते राजधानी सहित पूरे मध्य प्रदेश में गर्मी के तेवर तीखे होने लगे हैं। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार को दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज होने के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक राजधानी में लू चल सकती है। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के अनुसार, वर्तमान में महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान में भीषण गर्मी पड़ रही हैं। वहां से आ रही गर्म पश्चिमी हवाओं के कारण राजधानी सहित मध्यप्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान में तेजी आ रही है। कई जिले लू की चपेट में हैं। मंगलवार को राजधानी भोपाल में भी लू चल सकती है। उधर वर्तमान में किसी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं रहने से बादल नहीं है। इस वजह से रात के तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला बना हुआ है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। साथ ही यह सोमवार के न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 1.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं सोमवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा था। साथ ही यह रविवार के अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस के मुकबले 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा था।