मणिपुर में दो जगह सेना पर हमला, असम राइफल्स के दो जवान घायल
हिंसाग्रस्त मणिपुर में सेना और पुलिस पर उग्रवादियों के हमले का सिलसिल रूक नहीं रहा है। शनिवार को मणिपुर के दो जिलों में सेना और असम राइफल्स के संयुक्त पेट्रोल टीम पर हमले किए गए। पहला हमला सेनापति जिले में सुबह करीब 11.25 बजे हुआ जबकि दूसरा हमला चुराचांदपुर जिले में दोपहर करीब 12.45 बजे हुआ। इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान घायल हो गए हैं। चुराचांदपुर में उग्रवादियों के खिलाफ अभी भी ऑपरेशन जारी है। हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।
मणिपुर में शांति बहाली के लिए सेना, असम राइफल्स और मणिपुर की पुलिस लगातार गश्त कर रही है। इस बीच, शनिवार को सेनापति जिले के सिपिजंग गांव के पास जंगल में सुबह करीब 11.25 बजे उग्रवादियों ने असम राइफल्स की पेट्रोल टीम पर फायरिंग कर दी। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। इसमें अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जवानों के जवाबी फायरिंग पर आतंकवादी भाग गए। इसके बाद सर्च ऑपरेशन में जवानों ने दो राइफल और गोलाबारूद बरामद किया।