*अपोलो क्रॉस मार्केट में ई-बाइकों में ब्लास्ट* 

*डोमिनोज़ की होम डिलीवरी बाइकों में भीषण ब्लास्ट, 10 गाड़ियां जलकर राख*

*शहर के सबसे भव्य मार्केट में नहीं है फायर सेफ्टी सिस्टम, किसी व्यापारी के यहां नहीं मिले  अग्निशमन यंत्र, मची भगदड़ और अफरा-तफरी*

✍🏻सत्यनिधि त्रिपाठी (संजू) 
*सत्य एक्सप्रेस*

छतरपुर। शहर के सबसे व्यस्त और चर्चित अपोलो क्रॉस मार्केट में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब डोमिनोज़ पिज़्ज़ा की होम डिलीवरी में इस्तेमाल होने वाली ई-बाइकों की बैटरियों में अचानक जोरदार धमाके होने लगे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 10 ई-बाइकें धू-धू कर जलकर राख हो गईं।
घटना इतनी भयावह थी कि मार्केट में मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। धमाकों की आवाज़ और उठती आग की लपटों से पूरे बस स्टैंड क्षेत्र में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैटरियों के फटने की आवाज़ें लगातार सुनाई दे रही थीं, जिससे लोगों में डर और बढ़ गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और कंट्रोल रूम को सूचना दी। काफी देर की मशक्कत और स्थानीय व्यापारियों की मदद के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक कई गाड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं। आग की चपेट में आसपास की दुकानों के आने का भी खतरा बना रहा।

*डीपी के पास खड़ी थीं ई-बाइकें, शॉर्ट सर्किट की आशंका*

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस स्थान पर ई-बाइकें खड़ी थीं, उसके पास बिजली की डीपी लगी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या आसपास पड़े कचरे में लगी आग ने बैटरियों को अपनी चपेट में लिया, जिसके बाद एक के बाद एक धमाके होने लगे।

*सबसे बड़े मार्केट में अग्निशमन व्यवस्था (फायर सेफ्टी सिस्टम) नदारद*

इस हादसे ने शहर की फायर सेफ्टी व्यवस्था की पोल खोल दी है। हजारों लोगों की आवाजाही वाले अपोलो क्रॉस मार्केट में आग बुझाने के उपकरण तक मौजूद नहीं थे। जनता ने व्यापारियों और प्रशासन की गंभीर लापरवाही पर चिंता जताई है । जनता ने आरोप लगाते हुए कहा कि अपोलो क्रॉस मार्केट में यदि फायर सेफ्टी सिस्टम या छोटे अग्निशमन सिलेंडर उपलब्ध होते तो नुकसान इतना बड़ा नहीं होता।

*बैटरियों की गुणवत्ता पर उठे सवाल*

घटना के बाद डोमिनोज़ की डिलीवरी में उपयोग हो रही ई-बाइकों की बैटरी क्वालिटी और मेंटेनेंस पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। लगातार बढ़ते ई-वाहनों के उपयोग के बीच बैटरियों की सुरक्षा को लेकर यह हादसा बड़ा चेतावनी संकेत माना जा रहा है।

*पुलिस-प्रशासन जांच में जुटा*

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। छतरपुर पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

न्यूज़ सोर्स : Mail