*MCX के दलदल में डूबा छतरपुर*

*एक मौत ने खोली सट्टे के साम्राज्य की परतें, कर्ज और दबाव ने उजाड़ दिया पूरा परिवार*


✍🏻सत्यनिधि त्रिपाठी (संजू)
*सत्य एक्सप्रेस*

छतरपुर। शहर में फैल चुके MCX, IPL सट्टा और ऑनलाइन जुए के काले खेल ने आखिरकार एक और परिवार को तबाही के अंधेरे में धकेल दिया। व्यापारी राजेश अग्रवाल की संदिग्ध आत्महत्या के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। ओरछा रोड थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ नामों ने सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है। बताया जा रहा है कि कई संदिग्ध लोग शहर छोड़ने की तैयारी में हैं तो कुछ भूमिगत हो चुके हैं।

*एक मौत… और शहर में उठने लगे खौफनाक सवाल*

*क्या MCX और सट्टे के दबाव ने छीनी राजेश की जिंदगी?*

सूत्रों के अनुसार छतरपुर में MCX और IPL सट्टे का जाल तेजी से फैल चुका है। इस जुए की गिरफ्त में आकर कई परिवार आर्थिक बर्बादी झेल चुके हैं, जबकि कई लोग कर्ज और मानसिक तनाव के कारण आत्मघाती कदम उठा चुके हैं। अब राजेश अग्रवाल की मौत ने इस पूरे नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शहर के लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस अवैध कारोबार पर शिकंजा नहीं कसा गया तो आने वाले दिनों में और भी परिवार बर्बाद हो सकते हैं।

*बंद कमरे में मिला शव, लैपटॉप की खुली स्क्रीन ने बढ़ाई सनसनी*

*मौत के बाद सामने आया MCX कनेक्शन*

बताया जा रहा है कि राजेश अग्रवाल अपने कमरे का दरवाजा बंद कर अंदर चले गए थे। जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। ओरछा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और SI दीपक यादव ने दरवाजा तुड़वाकर अंदर प्रवेश किया, जहां राजेश मृत अवस्था में पड़े मिले।
लेकिन इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात वह लैपटॉप बना, जिसमें कथित रूप से MCX से जुड़ी आईडी खुली मिली। इसके बाद से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया और शहर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।

*सोशल मीडिया पर उजागर हुए नाम, शहर में मचा हड़कंप*

*पुलिस की सख्ती से हो सकता है बड़ा खुलासा*

सोशल मीडिया पर इस मामले से जुड़े कुछ नाम तेजी से वायरल हो रहे हैं। चर्चाओं में शरद, अनवर, कलई और सुरेश जैसे नाम सामने आए हैं। हालांकि पुलिस की ओर से अभी किसी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन लोगों का मानना है कि अगर इन लोगों से सख्ती से पूछताछ की जाए तो बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

*“MCX और सट्टा युवाओं को बना रहा बर्बादी का शिकार”*

*शहर वासियों ने उठाई कठोर कार्रवाई की मांग*

शहर के प्रबुद्ध लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि MCX, IPL सट्टा और नशे का कारोबार युवाओं का भविष्य निगल रहा है। कई घर उजड़ चुके हैं, परिवार सड़क पर आ चुके हैं और अब मौतें होने लगी हैं।
लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि राजेश अग्रवाल आत्महत्या मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच हो तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही शहर में फैल चुके सट्टा नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाए।

*पीछे छूट गई 90 वर्षीय मां, मानसिक रूप से कमजोर पत्नी और बेटा*

*राजेश की मौत के बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़*

मूल रूप से जबलपुर निवासी राजेश अग्रवाल अपने परिवार का इकलौता सहारा थे। बताया गया है कि उनकी पत्नी और बेटा मानसिक रूप से कमजोर हैं, जबकि मां की उम्र 90 वर्ष से अधिक है। ऐसे में राजेश की मौत ने पूरे परिवार को बेसहारा कर दिया है।
घर में अब मातम पसरा हुआ है और सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस परिवार का सहारा अब कौन बनेगा।

*समाज आया आगे, नम आंखों से हुआ अंतिम संस्कार*

*अग्रवाल समाज ने दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग*

राजेश अग्रवाल की मौत की खबर मिलते ही अग्रवाल समाज के लोग आगे आए और शुक्रवार को विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार कराया गया। समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में शामिल हर दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई और परिवार इस तरह बर्बाद न हो।

न्यूज़ सोर्स : SM