MCX का काला खेल: एक मौत, कई सवाल और बर्बाद होते परिवार
*MCX का काला खेल: एक मौत, कई सवाल और बर्बाद होते परिवार*
✍🏻सत्यनिधि त्रिपाठी (संजू)
*सत्य एक्सप्रेस*
छतरपुर में राजेश अग्रवाल की संदिग्ध मौत ने केवल एक परिवार को ही नहीं तोड़ा, बल्कि शहर में तेजी से फैल रहे अवैध MCX कारोबार की भयावह सच्चाई को भी सामने ला दिया है। मृतक के कमरे से लैपटॉप, मोबाइल और कथित MCX आईडी का मिलना इस बात की ओर इशारा करता है कि मामला केवल व्यक्तिगत नुकसान तक सीमित नहीं, बल्कि एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। अब सवाल यह है कि आखिर इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और कितने परिवार इसकी चपेट में आ चुके हैं?
सूत्रों के अनुसार मृतक के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में ऐसे कई संदिग्ध संपर्क और लेन-देन की जानकारी होने की आशंका है, जो बड़े नामों तक पहुंच सकती है। यही कारण है कि शहर में दहशत का माहौल बताया जा रहा है और कई लोग अचानक गायब या शहर से बाहर बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी, लेकिन यह घटना MCX के नाम पर चल रहे अवैध सट्टे और आर्थिक जाल पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
*MCX का धंधा कैसे बनता है विनाश का कारण*
MCX यानी मल्टी कमोडिटी ट्रेडिंग का नाम लेकर कई जगहों पर अवैध सट्टेबाजी का नेटवर्क चलाया जा रहा है। शुरुआत में लोगों को जल्दी पैसा कमाने का सपना दिखाया जाता है। कुछ लोगों को शुरुआती मुनाफा देकर लालच बढ़ाया जाता है, लेकिन धीरे-धीरे व्यक्ति कर्ज, तनाव और मानसिक दबाव के दलदल में फंसता चला जाता है।
जब व्यक्ति लगातार पैसा हारने लगता है तो उसके सामने सबसे बड़ा संकट घर और परिवार को बचाने का होता है। लोग घर गिरवी रखते हैं, जेवर बेचते हैं, रिश्तेदारों से उधार लेते हैं और अंत में मानसिक रूप से टूट जाते हैं। कई मामलों में धमकी, दबाव और बदनामी का डर व्यक्ति को अंदर से खत्म कर देता है।
*परिवार पर पड़ने वाला सबसे बड़ा संकट*
MCX जैसे अवैध कारोबार का सबसे दर्दनाक असर परिवारों पर पड़ता है।
घर की आर्थिक स्थिति पूरी तरह बिगड़ जाती है
पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव बढ़ता है
बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है
समाज में अपमान और मानसिक दबाव बढ़ता है
कई लोग अवसाद, तनाव और आत्मघाती कदम तक उठा लेते हैं
एक व्यक्ति की हार केवल उसकी व्यक्तिगत हार नहीं होती, पूरा परिवार उसके साथ टूट जाता है। मां-बाप की जमा पूंजी खत्म हो जाती है और बच्चों का भविष्य अंधकार में चला जाता है।
*पुलिस के सामने बड़ी चुनौती*
राजेश अग्रवाल प्रकरण में बरामद लैपटॉप, मोबाइल और नेटवर्क डाटा पुलिस के लिए अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। यदि तकनीकी जांच निष्पक्ष और गहराई से हुई तो शहर में चल रहे अवैध MCX नेटवर्क के कई चेहरे सामने आ सकते हैं। जरूरत इस बात की है कि जांच किसी दबाव, प्रभाव या राजनीतिक संरक्षण से मुक्त होकर की जाए।
साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से कॉल डिटेल, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन, आईडी लॉगिन और नेटवर्क कनेक्शन की जांच कई बड़े खुलासे कर सकती है। अगर प्रशासन वास्तव में शहर से इस अवैध कारोबार को खत्म करना चाहता है तो यह मामला सबसे बड़ा सबूत बन सकता है।
*समाज को भी जागना होगा*
जल्दी अमीर बनने की चाह आज कई युवाओं और व्यापारियों को इस जाल में धकेल रही है। लेकिन हकीकत यह है कि यह रास्ता अक्सर बर्बादी, कर्ज और मानसिक विनाश की ओर ले जाता है। जरूरत है जागरूकता की, सख्त कार्रवाई की और ऐसे नेटवर्क को सामाजिक समर्थन न मिलने की।
राजेश अग्रवाल अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके पीछे छूटे सवाल पूरे शहर से जवाब मांग रहे हैं। आखिर कितने घर और उजड़ेंगे, तब जाकर इस अवैध खेल पर रोक लगेगी?

राज्यसभा चुनाव: मप्र से बीजेपी उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने दाखिल किया नामांकन, सीएम मोहन यादव रहे मौजूद
अमेरिका में जासूसी केस पर बड़ा खुलासा, पत्रकार ने माना अपना दोष
आर्थिक मोर्चे पर भारत की ऊंची छलांग: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जीडीपी ग्रोथ को बताया मजबूत भारत का प्रतीक
तीन बच्चों समेत 4 लोगों की मौत, रीवा सिलेंडर ब्लास्ट से दहला इलाका
‘तलाक, तलाक, तलाक’ कहकर छोड़ा साथ, महिला ने न्याय की लगाई गुहार
सार्थक करेगा स्टूडेंट्स की उपस्थिति की निगरानी, नई व्यवस्था लागू
चयन समिति की बैठक जारी, आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का होगा चयन
ढाबे में हंगामा और मारपीट, बदमाशों की करतूत CCTV में रिकॉर्ड
वाशिंगटन-लंदन में कूटनीतिक तनाव: अमेरिकी उपराष्ट्रपति के 'प्रवासी आक्रमण' वाले बयान पर भड़का ब्रिटेन
जान्हवी कपूर के सीन पर उठे सवाल, ‘पेद्दी’ के निर्देशक ने दी सफाई