*छतरपुर में गोलियों की गूंज: पूर्व सरपंच ‘हल्के राजा’ पर मौत बनकर टूटे हमलावर, चार गाड़ियों से आए बदमाशों ने बरसाईं गोलियां*

*दिनदहाड़े गैंगवार जैसा हमला, इमलिया के पास दहला पूरा इलाका — खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाए गए पूर्व सरपंच*

✍🏻सत्यनिधि त्रिपाठी (संजू)
*सत्य एक्सप्रेस*

छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब विक्रमपुर गांव के पूर्व सरपंच महुम सिंह उर्फ “हल्के राजा” पर फिल्मी अंदाज में जानलेवा हमला कर दिया गया। चार फोर-व्हीलर वाहनों में सवार होकर आए हथियारबंद बदमाशों ने इमलिया गांव के समीप उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की गूंज से पूरा इलाका थर्रा उठा और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे थे और जैसे ही हल्के राजा की गाड़ी वहां पहुंची, बदमाशों ने बिना कोई मौका दिए गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही सेकंड में इलाके का माहौल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर बेखौफ अंदाज में मौके से फरार हो गए।

 *गोलियों की आवाज से कांप उठे लोग*

स्थानीय लोगों का कहना है कि फायरिंग इतनी जबरदस्त थी कि आसपास कि आस पास मौजूद लोग हमलावरों के पास आने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ लोगों ने छिपकर अपनी जान बचाई तो कुछ ने घायल पूर्व सरपंच को संभालने की कोशिश की।
खून से लथपथ हालत में महुम सिंह उर्फ हल्के राजा को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है।

*भतीजे ने सुनाई हमले की पूरी कहानी*

घायल पूर्व सरपंच के भतीजे योगेन्द्र देव बुन्देला ने बताया कि उनके चाचा छतरपुर से विक्रमपुर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी इमलिया गांव के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने हमला बोल दिया।
उन्होंने बताया कि बदमाशों ने कई राउंड फायर किए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितनी गोलियां लगी हैं, लेकिन हमला बेहद खतरनाक था और जान लेने की नीयत से किया गया था।

*पुलिस अलर्ट मोड पर, नाकाबंदी कर शुरू हुई ताबड़तोड़ तलाश*

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात की खबर मिलते ही राजनगर थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस पुरानी रंजिश, राजनीतिक विवाद और जमीन से जुड़े मामलों सहित हर एंगल से जांच कर रही है। 

*कानून व्यवस्था पर उठे सवाल, दहशत में ग्रामीण*

सरेराह हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने जिले की कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग खुलेआम घूम रहे हथियारबंद बदमाशों को लेकर चिंता जता रहे हैं।
जिस अंदाज में हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया, उससे साफ है कि बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं है। अब पूरे जिले की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आखिर “हल्के राजा” पर मौत की यह साजिश किसने रची और कब तक हमलावर सलाखों के पीछे पहुंचते हैं।

न्यूज़ सोर्स : SM