"कलम के प्रहरियों ने पेश की मानवता की मिसाल": बुन्देलखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने निभाया सामाजिक सरोकार

कार्यकारिणी गठन के साथ ही निर्धन बेटी के हाथ पीले करने के लिए बढ़ाया मदद का हाथ

​छतरपुर। पत्रकारिता केवल सूचनाओं का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि समाज के प्रति अटूट उत्तरदायित्व का नाम है। इस कथन को चरितार्थ करते हुए शनिवार को नवगठित बुन्देलखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने अपनी पहली ही बैठक में संवेदनशीलता की एक ऐसी इबारत लिखी, जिसकी सर्वत्र सराहना हो रही है। संगठन ने न केवल अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा की, बल्कि एक निर्धन परिवार की बेटी के विवाह हेतु आर्थिक संबल प्रदान कर स्पष्ट कर दिया कि यह मंच कलम के साथ-साथ सेवा का भी संवाहक है।

संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बुन्देलखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन का मूल उद्देश्य गरीब, पीड़ित और शोषित वर्ग की मदद करना तथा अत्याचार और तानाशाही के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाना है। संगठन पत्रकारों में उनकी आवाज बनकर हमेश खड़ा रहेगा।

ऐसी बनी संगठन की नई कार्यकारिणी
संगठन में विनोद अग्रवाल, अरविंद दीपू जैन, जितेंद्र रिछारिया, अरविंद तिवारी, फ़ज्जू महाराज, दिलीप सोनी एवं नरेंद्र सिंह परमार को संरक्षक बनाया गया है। वहीं संगठन के अध्यक्ष सुनील पांडे एवं संयोजक राधेश्याम सोनी द्वारा पत्रकार राकेश रिछारिया को जिला प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपाध्यक्ष पद पर वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र त्रिवेदी, सत्यनिधि त्रिपाठी (संजू), उदय शर्मा एवं मनोज सोनी को नियुक्त किया गया है। सचिव के रूप में भूपेंद्र सिंह तोमर, सह सचिव उन्नत पचौरी, कोषाध्यक्ष राज पटेरिया,सह कोषाध्यक्ष मनीष खरे, महासचिव लखन राजपूत, मीडिया प्रभारी विनोद मिश्रा, कानूनी सलाहकार एडवोकेट वशिष्ठ नारायण श्रीवास्तव एवं एडवोकेट जे.के. आसू को जिम्मेदारी दी गई है। कार्यालय प्रभारी संदीप चौरसिया एवं पुष्पेंद्र दीक्षित को बनाया गया है।

*पत्रकार की पहल पर जुटी मदद*

कार्यक्रम के दौरान पत्रकार मनोज सोनी ने एक गरीब परिवार की बेटी (सीता—परिवर्तित नाम) की शादी में आर्थिक संकट की जानकारी संगठन के सामने रखी।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संगठन के सभी सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए ₹13,000 की राशि एकत्रित कर परिवार को सौंप दी, जिससे बेटी की शादी में सहयोग मिल सके।

*संगठन ने शुरुआत में ही दिखाई संवेदनशीलता*

संगठन के गठन के साथ ही इस प्रकार की संवेदनशील पहल ने यह साबित कर दिया कि यह मंच केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज सेवा का सशक्त माध्यम बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। स्थानीय स्तर पर इस कार्य की सराहना की जा रही है और इसे पत्रकारिता के सकारात्मक चेहरे के रूप में देखा जा रहा है।

संगठन विस्तार की तैयारी में जुटा

बुंदेलखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन अपने मूल उद्देश्यों,गरीबों की मदद,अन्याय के खिलाफ आवाज और निष्पक्ष पत्रकारिता को लेकर तेजी से सक्रिय होता नजर आ रहा है। संगठन ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इसका विस्तार जिला स्तर से लेकर पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र तक किया जाएगा।
इस विस्तार अभियान में खास तौर पर ऐसे वास्तविक और जमीनी पत्रकारों को जोड़ा जाएगा, जो निष्पक्षता के साथ समाज के मुद्दों को उठाते हैं और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों पर काम कर रहे हैं। संगठन का मानना है कि मजबूत नेटवर्क और ईमानदार पत्रकारों की टीम ही उसे एक सशक्त मंच बनाएगी, जो समाज और व्यवस्था के बीच सच्ची आवाज बन सके।

न्यूज़ सोर्स : Mail