परीक्षा के दौरान छात्र पर गिरा दीवार का प्लास्टर


बाल-बाल बची जान, लापरवाही के घेरे में ईशानगर परीक्षा केंद्र

ईशानगर। कस्बे के शासकीय सांदीपनि उच्च माध्यमिक विद्यालय में चल रही बोर्ड परीक्षा के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। कक्षा 12वीं की परीक्षा दे रहे एक छात्र पर अचानक दीवार का प्लास्टर भरभरा कर गिर गया, जिससे वह घायल हो गया। इस घटना ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार गहरवार स्कूल का छात्र गोलू कुशवाहा, जिसका परीक्षा केंद्र शासकीय सांदीपनि स्कूल बनाया गया है, गुरुवार को कक्ष क्रमांक 14 में बैठकर अपना पेपर हल कर रहा था। इसी दौरान अचानक छत/दीवार का प्लास्टर टूटकर उसके ऊपर गिर गया। इस हादसे में छात्र के सिर, कंधे और उंगलियों में चोटें आईं। पीडि़त छात्र गोलू का आरोप है कि परीक्षा केंद्र का भवन अत्यंत जर्जर है। उसने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि हादसे के बाद परीक्षा केंद्र पर मौजूद किसी भी शिक्षक या जिम्मेदार ने उसे अस्पताल ले जाने की जहमत नहीं उठाई, जिसके कारण उसे अकेले ही उपचार के लिए भटकना पड़ा। इस पूरे मामले में प्रशासनिक लापरवाही भी साफ उजागर हुई है। परीक्षा केंद्र अध्यक्ष रामकृष्ण पाराशर ने इस विषय पर पक्ष जानने के लिए किए गए फोन कॉल्स का कोई जवाब नहीं दिया। वहीं, प्रभारी प्राचार्य के.एल. राय ने बचाव करते हुए कहा कि परीक्षा से पहले कमरों की जांच की गई थी। उन्होंने घटना को कमतर बताते हुए कहा कि छात्र को केवल उंगलियों में मामूली चोट आई है। हालांकि, प्राचार्य के दावों और हकीकत में बड़ा अंतर नजर आ रहा है। सवाल यह उठता है कि यदि भवन सुरक्षित था तो प्लास्टर कैसे गिरा? घटना के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। परिजनों का कहना है कि बच्चों के भविष्य के साथ-साथ उनके जीवन को भी खतरे में डाला जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने जिला शिक्षा अधिकारी से इस जर्जर भवन की जांच कराने और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

न्यूज़ सोर्स : Mail