दो मुस्लिम चचेरी बहनों ने हिंदू चचेरे भाइयों से की शादी, वीडियो में एसपी से मांगी सुरक्षा

छतरपुर। जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में एक अंतरधार्मिक विवाह का मामला सामने आया है, जिसने क्षेत्र में चर्चा और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। 9 फरवरी से लापता दो मुस्लिम चचेरी बहनों ने अपनी मर्जी से दो हिंदू चचेरे भाइयों से शादी रचा ली है। दोनों युवतियों ने अपने पतियों के साथ एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने खुद को बालिग घोषित करते हुए कहा कि वे सुरक्षित हैं, किसी दबाव में नहीं हैं और अपनी इच्छा से घर छोड़कर विवाह किया है।
वीडियो में युवतियों ने छतरपुर एसपी से सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके मायके वाले परिवार के सदस्य उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। साथ ही, उन्होंने अपील की कि उनके ससुराल पक्ष को किसी भी तरह परेशान न किया जाए। युवतियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनके परिवार के किसी सदस्य को कुछ होता है, तो इसकी जिम्मेदारी मायके पक्ष की होगी। कुछ रिपोर्टों में यह भी उल्लेख है कि दोनों बहनों ने सनातन धर्म अपनाया है और हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह संपन्न किया है।
मामले की शुरुआत 9 फरवरी को हुई, जब दोनों युवतियां एटीएम से पैसे निकालने के बहाने घर से निकलीं और वापस नहीं लौटीं। परिवार ने उन्हें नाबालिग बताते हुए गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और अपहरण की आशंका जताई। परिवार का आरोप था कि पुलिस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही। इस पर समाज के लोग थाने पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान एक महिला ने अपने बेटे के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस पर पक्षपात का दावा किया, जिससे हंगामा बढ़ गया।
वीडियो जारी होने के बाद मामला नया मोड़ ले लिया। दोनों युवतियां खुद को बालिग बताते हुए कह रही हैं कि उन्होंने नगर के ही दो चचेरे भाइयों से शादी की है। वे हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह कर चुकी हैं और आगे का जीवन अपने पतियों के साथ व्यतीत करना चाहती हैं।
नौगांव थाने के टीआई बाल्मिक चौबे ने बताया कि दोनों युवतियों की गुमशुदगी दर्ज थी और परिजन अपहरण की आशंका जता रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी बरामदगी के प्रयास शुरू किए हैं। दोनों बालिग हैं और चचेरी बहनें हैं। पुलिस उनकी स्टेटमेंट दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

न्यूज़ सोर्स : Mail