खजुराहो सांसद ने गाइड एसोसिएशन के सदस्यों से की मुलाकात, पर्यटन सुधारों पर चर्चा

खजुराहो। खजुराहो लोकसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने आज यहां गाइड एसोसिएशन के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पर्यटन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को समझा और उन्हें सुलझाने का आश्वासन दिया।
पर्यटन नगरी खजुराहो की वैश्विक पहचान को और मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में रेलवे, एयर कनेक्टिविटी तथा सड़क मार्ग से जुड़ी आवश्यकताओं पर बिंदुवार चर्चा हुई। गाइड एसोसिएशन के सदस्यों ने खजुराहो-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस की टाइमिंग में परिवर्तन, बेहतर एयर कनेक्टिविटी तथा अन्य शहरों से सड़क मार्ग द्वारा खजुराहो को जोडऩे की मांग रखी।
सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने स्पष्ट किया कि वे वंदे भारत एक्सप्रेस की टाइमिंग को लेकर रेल मंत्री से बात करेंगे। साथ ही, खजुराहो के शिल्पग्राम में गतिविधियां बढ़ाने, पश्चिमी मंदिर समूह में पर्यटकों के लिए सुरक्षित सामान रखने हेतु लॉकर सुविधा, ऑफलाइन टिकट व्यवस्था तथा गाइडों के लिए उचित बैठक स्थल की स्थायी व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खजुराहो में जल्द ही इस्कॉन मंदिर की स्थापना संभव है। एयर कनेक्टिविटी सुधार के लिए एयर इंडिया एवं आकाश एयरवेज से बातचीत चल रही है। इसके अलावा, गाइड प्रशिक्षण तथा विभिन्न विदेशी भाषाओं के प्रशिक्षण के लिए संस्थानों के माध्यम से व्यवस्था की जाएगी ताकि स्थानीय युवा लाभान्वित हों।
बैठक में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, क्षेत्रीय विधायक अरविंद पटेरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम, नगर परिषद खजुराहो के अध्यक्ष अरुण कुमार अवस्थी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार चौरसिया, कार्यालय मंत्री अरविंद त्रिपाठी, खजुराहो मंडल अध्यक्ष तथा पार्षद गौरव सिंह बघेल, शैलेंद्र यादव सहित गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार चौबे और बड़ी संख्या में गाइड मौजूद रहे।

न्यूज़ सोर्स : Mail