सिलेंडर रिफिल करते समय बड़ा हादसा


गैस लीक होते ही तंदूर से भड़की आग, कारीगर झुलसा

छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा क्षेत्र में कुर्राहा रोड स्थित पटेल ढाबे पर  सिलेंडर रिफिल करते समय अचानक आग लगने से खाना बनाने वाला कारीगर रवि चौरसिया गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां बर्न वार्ड में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों और घायल रवि के अनुसार, घटना उस समय हुई जब ढाबे में उपयोग हो रहे गैस सिलेंडर को दूसरे सिलेंडर में रिफिल किया जा रहा था। सिलेंडर से पलटी करते समय जिस सिलेंडर में गैस डाली गई उस सिलेंडर का बाल नहीं चिपका तो उससे तेजी से गैस रिसाव होने लगा और तेजी से गैस निकलने लगी। उसने हाथ से दबाकर गैस निकलने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रेशर इतना तेज़ था कि सफलता नहीं मिली। इसी दौरान गैस का दबाव बढऩे से सिलेंडर गिरकर तेजी से गोल-गोल घूमने लगा।
ढाबे में पास ही जल रहे तंदूर से निकली चिंगारी या लपटों ने गैस को पकड़ लिया और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी और ग्राहक जान बचाकर इधर-उधर भागे। गनीमत रही कि सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
आग की चपेट में आकर रवि गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे पहले प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया। गढ़ीमलहरा थाने की टीआई रीता सिंह ने बताया कि पटेल ढाबे पर सिलेंडर बदलते समय हादसा हुआ है। आग से एक युवक घायल हुआ है, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

न्यूज़ सोर्स : Mail