देश भर के सुंदरकांड मंडल बनेंगे वानर दूत, सूचना मिली और मदद हाजिर: बागेश्वर महाराज

बागेश्वर धाम में एक साथ दो लाख से अधिक हुआ हनुमान चालीसा पाठ
समूचा पंडाल पीले रंग में रंगा, दिखी एकरूपता


छतरपुर। सिद्ध पीठ बागेश्वर धाम में गुरुवार का दिन अपने आप में ऐतिहासिक फलों का गवाह बन गया। हजारों लोगों ने एक साथ पहले सुंदरकांड पाठ किया इसके बाद सवा लाख हनुमान चालीसा के संकल्प से कहीं आगे निकलकर 2 लाख से अधिक पाठ का पुण्य अर्जित किया। बागेश्वर धाम पीठाधीश पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि देशभर में गठित हो रहे बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडल वानर दूत का कार्य करेंगे। किसी भी मंडल को कोई परेशानी होगी तो वानर दूत सूचना मिलते ही पहुंच कर मदद करेंगे। महाराज श्री ने कहा कि एक साथ एक लाख लोग बैठकर  हनुमान चालीसा का पाठ करें ऐसा भविष्य में प्रयास किया जाए।
समूचा पंडाल पीले रंग में रंगा दिखाई दिया इससे एकरूपता का संदेश गया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 8 बजे से उत्तर प्रदेश के हाथरस के मारुति नंदन मानस संगठन द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ का अद्भुत प्रस्तुतीकरण किया गया। सुंदरकांड के प्रसंग से जुड़े भक्ति गीतों की प्रस्तुति ने आनंद विभोर कर दिया। इसी तरह उत्तर प्रदेश के ही मऊ से आई श्री हनुमत कृपा सेवा समिति के मार्गदर्शन में सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ किए गए। कथा पंडाल में उपस्थित 20 हजार से अधिक लोगों ने 21 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस तरह से सवा लाख हनुमान चालीसा के स्थान पर दो लाख से अधिक पाठ किए गए।

सात राज्यों के 175 जिलों में गठित हो चुके सुंदरकांड मंडल

बागेश्वर महाराज ने विशाल जन समूह को अवगत कराया कि 6 माह पूर्व सुंदरकांड मंडल की केंद्रीय समिति द्वारा गांव-गांव, शहर-शहर जाकर सभी सुंदरकांड मंडलों को बागेश्वर धाम से जोडऩे का जो प्रयास शुरू किया गया वह आज दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि सात राज्यों के 175 जिलों में मंडलों का गठन हो चुका है। 116 महिला सुंदरकांड मंडल भी गठित हुए हैं। हिंदुत्व, हिंदुस्तान और सनातन के लिए यह सुंदरकांड मंडल कार्य करेंगे। माला और भाला के साथ माताएं बहिने भी सनातन की रक्षा के लिए रणचंडी बनकर आगे आएंगी।

नौ राज्यों के सुंदरकांड मंडलों ने की सहभागिता

बागेश्वर धाम में सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ के कार्यक्रम में राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, विहार, दिल्ली, हरियाणा के लोगों ने सहभागिता की। महाराज जी ने बताया कि कई वर्षों से खुर्जा का मंडल सालभर हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ करने के बाद जो भी राशि प्राप्त करता है वह बेटियों के विवाह के लिए दान करता है। भोपाल, टीकमगढ़ और इंदौर में 500-500 मंडलों का गठन हुआ है। वे 2026 में पदयात्रा निकालने के स्थान पर इन मंडलों के गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। इसके साथ ही महाराज श्री ने बताया कि एक महीने में 11 जिलों में 11हजार किलोमीटर की रथ यात्रा भी 2026 में करेंगे।

13 फरवरी को बागेश्वर धाम आएंगे सीएम मोहन यादव

बागेश्वर धाम की 300 बेटियों के विवाह महोत्सव में आशीर्वाद देने प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव आ रहे हैं। धाम के सेवादार नितेंद्र चौबे ने बताया कि दोपहर 3:00 बजे मुख्यमंत्री के आने की सूचना है उन्होंने यह भी बताया कि दोपहर में अंतर्राष्ट्रीय कथा व्यास रमेश भाई ओझा जी एवं प्रदीप मिश्रा सीहोर वाले भी बागेश्वर धाम पधार रहे हैं। समय की व्यस्तता के कारण यथा अनुकूल समय मिलते ही वह बागेश्वर धाम आकर सप्तम कन्या विवाह महोत्सव में अपनी हाजिरी लगा रहे हैं। श्री चौबे ने यह भी बताया कि राजस्थान, छत्तीसगढ़, दिल्ली और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों के भी महोत्सव के बीच आने की सूचना है।

न्यूज़ सोर्स : Mail