पाइपलाइन टूटी, सड़कों पर बहा पानी; इलाके में गहराया जल संकट
जबलपुर: संस्कारधानी जबलपुर के महाराणा प्रताप वार्ड (क्रमांक 16) के अंतर्गत आने वाली भूकंप कॉलोनी में बुनियादी विकास कार्यों के दौरान नगर निगम की एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहाँ पिछले तीन सालों से बंद पड़ा नाली का निर्माण कार्य जब हाल ही में दोबारा शुरू कराया गया, तो लापरवाही से चलाई जा रही जेसीबी मशीन ने खुदाई के दौरान मुख्य पेयजल पाइपलाइन को कई स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। क्षेत्र के निवासी अभिषेक सिंह ठाकुर ने बताया कि यह वॉटर सप्लाई लाइन साल 2000 में कॉलोनी के बसने के समय बिछाई गई थी। लगभग 26 साल पुरानी होने के कारण यह पाइपलाइन पहले ही बेहद कमजोर और जर्जर हो चुकी थी, जो अब नाली के भीतर मलबे और गंदे पानी में समा गई है। इस वजह से कॉलोनी के सैकड़ों परिवारों के घरों में दूषित और बदबूदार पानी पहुंचने का एक बड़ा खतरा पैदा हो गया है।
बूंद-बूंद पानी को तरस सकते हैं नागरिक, गहराया सेहत का संकट
मौके पर चल रहे भारी निर्माण और नाली के चौड़ीकरण के कारण इस कमजोर पाइपलाइन के पूरी तरह से तबाह होने की आशंका दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह मुख्य लाइन पूरी तरह ठप हो गई, तो भीषण गर्मी के इस मौसम में पूरी कॉलोनी में पानी का हाहाकार मच जाएगा। इसके अलावा, गंदे नाले के भीतर पानी की पाइपलाइन दबी होने के कारण दूषित पानी पीने से क्षेत्र में कोई बड़ी बीमारी या महामारी फैल सकती है। मोहल्ले के नागरिकों ने प्रशासन को सुझाव दिया है कि इस पुरानी और सड़ चुकी पाइपलाइन को वहां से पूरी तरह निकालकर नाली के समानांतर या घरों के किनारों से नया पाइपलाइन नेटवर्क तैयार किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कभी भी गंदगी मिलने की आशंका न रहे।
पहले नाली निर्माण फिर खुदाई, सरकारी खजाने को चूना लगाने की तैयारी
कॉलोनी के जागरूक निवासियों ने इस विकट समस्या के परमानेंट इलाज के लिए एकजुट होकर एक सामूहिक हस्ताक्षर अभियान चलाया और नगर निगम को लिखित शिकायत सौंपी है। नागरिकों का साफ कहना है कि यदि नगर निगम ने नाली का पक्का कंक्रीट निर्माण पूरा होने के बाद इस ओर ध्यान दिया, तो नई पाइपलाइन डालने के चक्कर में बनी-बनाई नाली को दोबारा से ध्वस्त करना पड़ेगा। इससे सीधे तौर पर जनता के टैक्स के पैसे और सरकारी बजट की खुली बर्बादी होगी, साथ ही दोबारा काम शुरू होने से नागरिकों की मुसीबतें भी कई गुना बढ़ जाएंगी। इसी को ध्यान में रखते हुए स्थानीय जनता ने नगर निगम कमेंश्नर से मांग की है कि नाली के पक्के निर्माण से पहले इस जर्जर वॉटर लाइन को बदलने का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया जाए।

क्या है मामला? कल्याण बनर्जी के निलंबन की वजह और आरोप जानिए
रफ्तार का कहर: पठानकोट में बस ने चार को कुचला, गुस्साई भीड़ ने बस में लगाई आग
वकीलों का फूटा गुस्सा, दिल्ली घटना के विरोध में डीएम कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन
भारत-जिम्बाब्वे सीरीज से पहले मेजबान टीम का ऐलान, नए खिलाड़ी त्सिगा पर भरोसा
वृंदावन में भक्ति में लीन दिखे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा, प्रेमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद
रीवा कलेक्टर का सख्त अंदाज, वेंडर को लगाई फटकार; बोले- 'वो गाली दे रही, तुम...'
सेमीकंडक्टर सेक्टर में भारत की बड़ी छलांग, चिप पैकेजिंग के लिए मेगा प्लान तैयार
छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, अग्निवीरों को आरक्षण; किसानों के लिए नई व्यवस्था लागू
तमिलनाडु सरकार का फैसला, अस्पतालों में शुरू होगा QDENGA टीकाकरण