‘पापा मुझे ले जाओ…’ बेटी की दर्दभरी गुहार के बाद मौत से मचा हड़कंप
ग्वालियर: मध्य प्रदेश में नवविवाहित दुल्हनों की संदिग्ध हालातों में मौत का एक बेहद दर्दनाक और परेशान करने वाला सिलसिला सामने आ रहा है। राजधानी भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब ग्वालियर से एक और हिला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मुरार इलाके में रहने वाली 21 वर्षीय नवविवाहिता पलक रजक ने शादी के महज एक साल बाद ससुराल में कथित तौर पर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। पलक की शादी पिछले साल 14 अप्रैल 2025 को हुई थी।
"पापा, मुझे ले जाओ नहीं तो ये मार डालेंगे"— पलक की मां का छलका दर्द
पलक की मां ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए समाज की बंदिशों पर भी अफसोस जताया। उन्होंने रोते हुए बताया:
"मेरी बेटी अक्सर फोन पर रोती थी कि ससुराल के लोग उसके साथ मारपीट करते हैं और ताने देते हैं। हम लोग समाज के लोकलाज और रिश्ता टूटने के डर से चुप रहे और कभी पुलिस के पास नहीं गए। हमारी इसी चुप्पी ने आज हमारी मासूम बेटी की जान ले ली।"
मां ने आगे खुलासा किया कि मौत से करीब आधा घंटा पहले पलक ने अपने पिता को आखिरी बार फोन किया था। उसने रोते हुए कहा था, "पापा, घर में मुझसे कोई बात नहीं कर रहा है। तीन दिन से मुझे खाना भी नहीं मिला है। ये लोग कार और सोने की चेन के लिए मुझे लगातार टॉर्चर कर रहे हैं। मुझे यहाँ से बचाकर ले जाओ, नहीं तो ये लोग मुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे।" इस बातचीत के महज 20 मिनट बाद ही पलक के पति अमित का फोन आया कि पलक ने फांसी लगा ली है। मृतका की मां के अनुसार, वे पहले भी कई मांगें पूरी कर चुके थे, लेकिन हाल ही में ब्रेजा गाड़ी की मांग को लेकर पलक को ज्यादा प्रताड़ित किया जा रहा था।
पिता का आरोप— "सरकारी पद का धौंस दिखाकर केस दबाने की कोशिश"
पलक के पिता मोहर सिंह ने भी बेटी की मौत के लिए पूरी तरह ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि पलक का ससुर सरकारी सेवा में होने के कारण अपने रसूख का इस्तेमाल कर इस पूरे मामले को रफा-दफा करने की कोशिश में जुटा है।
पिता के मुताबिक, जब भी वे बेटी की तकलीफ सुनकर उसके ससुराल समझाने जाते थे, तो कुछ दिनों तक तो सब ठीक रहता था, लेकिन उसके बाद फिर से पलक को पीटा जाने लगता था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले की बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए ताकि किसी और की बेटी के साथ ऐसा जुल्म न हो।
जांच में जुटी पुलिस: पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
इस पूरे मामले पर ग्वालियर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सिटी) ने बताया कि यह घटना 12 मई को मुरार थाना क्षेत्र में घटित हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। पलक को बेहद नाजुक हालत में पहले मुरार अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से बेहतर इलाज के लिए परिजनों के कहने पर बिड़ला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, वहाँ जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतका के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और शॉर्ट पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। लड़की के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज में ब्रेजा कार मांगने, प्रताड़ित करने और पलक का स्त्रीधन हड़पने के आरोप दर्ज कराए हैं। पुलिस मामले की हर बारीकी, फॉरेंसिक साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

बड़वानी के डायल-112 हीरोज
मध्यप्रदेश वैश्विक वन्य जीव संरक्षण का बना रोल मॉडल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
श्रम साथी बनकर विद्यार्थी दिलाएंगे उद्यमियों को स्टार रेटिंग
समान नागरिक संहिता उच्च स्तरीय समिति जिलों में जाकर नागरिकों के प्राप्त करेगी सुझाव
48वीं जूनियर राष्ट्रीय रोइंग चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश का शानदार प्रदर्शन
उपभोक्ता हित में अन्य विभागों से समन्वय बढ़ाकर कार्य करे खाद्य विभाग : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
राज्यसभा चुनाव से पहले NDA को झटका, विपक्षी गठबंधन ने बढ़ाई टेंशन
कर्नाटक कांग्रेस में बढ़ी अंदरूनी कलह, 35 विधायक हाईकमान से करेंगे मुलाकात
प्रधानमंत्री 23 मई को रोजगार मेले में 51 हजार से ज्यादा युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र
पत्नी की मौत के मामले में फरार समर्थ सिंह ने पुलिस के सामने किया सरेंडर