मऊ दरवाजा में नाला निर्माण बना व्यापारियों की परेशानी, 10 दिन से कछुआ चाल में चल रहा काम
*मऊ दरवाजा में नाला निर्माण बना व्यापारियों की परेशानी, 10 दिन से कछुआ चाल में चल रहा काम*
*मुख्य बाजार का रास्ता बाधित, ग्राहक नहीं पहुंचने से कारोबार ठप होने की कगार पर*
छतरपुर। शहर के व्यस्ततम मऊ दरवाजा क्षेत्र में चल रहा नाला निर्माण कार्य अब स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनता जा रहा है। बस स्टैंड बाजार से होकर गुजरने वाले मुख्य मार्ग पर पिछले करीब 10 दिनों से निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है, जिससे पूरे बाजार की रौनक फीकी पड़ गई है।
क्षेत्रीय व्यापारियों का कहना है कि सड़क खोद दिए जाने और रास्ता बाधित होने के कारण ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। कई दुकानों में दिनभर ग्राहक नहीं आने से व्यापारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
दुकानदारों ने बताया कि जिन लोगों की स्वयं की दुकानें हैं, उन्हें कर्मचारियों के वेतन और घर खर्च की चिंता सता रही है, जबकि किराए की दुकानों में व्यापार करने वाले व्यापारी दुकान का किराया निकालने तक के लिए परेशान हैं। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय तक यही स्थिति बनी रही तो छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निर्माण कार्य “कछुआ चाल” से किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि काम को व्यवस्थित और तेज गति से कराया जाए तो आम जनता को राहत मिल सकती है।
*व्यापारियों की मांग — जल्द पूरा हो निर्माण कार्य*
मऊ दरवाजा क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए, ताकि बाजार की स्थिति सामान्य हो सके और लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।

100 छक्के पूरी करने में रजत पाटीदार ने तोड़ा रिकॉर्ड, गेल को छोड़ा पीछे
Indian Oil का बयान: पेट्रोल-डीजल की देशव्यापी कमी नहीं है
जबलपुर में पीएम मोदी ने किया 180 युवाओं का स्वागत, सौंपे नियुक्ति पत्र