तिलक वर्मा का तांडव: 45 गेंदों में जड़ा ऐतिहासिक शतक, जयसूर्या के 18 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी।
तिलक वर्मा का ऐतिहासिक शतक, हार्दिक पांड्या के एक 'मंत्र' ने पलट दी बाजी
आईपीएल 2026 में तिलक वर्मा ने एक ऐसी अविश्वसनीय पारी खेली है, जिसने क्रिकेट जगत को स्तब्ध कर दिया है। पिछले कुछ मैचों से खराब फॉर्म से जूझ रहे तिलक ने सोमवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 45 गेंदों में नाबाद 101 रन ठोककर शानदार वापसी की। उनकी इस पारी का सबसे रोमांचक पहलू गियर बदलना रहा; जहां पहली 22 गेंदों में उन्होंने केवल 19 रन बनाए थे, वहीं अगली 23 गेंदों में 82 रन कूटकर कोहराम मचा दिया।
हार्दिक की नसीहत और बदल गया खेल: पारी के 14वें ओवर तक तिलक संघर्ष कर रहे थे। इसी बीच कप्तान हार्दिक पांड्या मैदान पर आए और उन्हें कुछ आक्रामक अंदाज में समझाते दिखे। मैच के बाद हार्दिक ने खुलासा किया कि उन्होंने तिलक को ज्यादा सोचने के बजाय नैसर्गिक खेल खेलने की सलाह दी थी। हार्दिक ने कहा, "मैंने उससे बस इतना कहा कि अपनी काबिलियत पर भरोसा रखो और गेंद को देखकर प्रहार करो। उसके बल्ले से गेंद का संपर्क (Ball Striking) बहुत खास है।"
रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ नाम: हार्दिक के इस भरोसे का असर तुरंत दिखा। 15वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा के खिलाफ छक्के-चौकों की बरसात कर तिलक ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपनी इस पारी के साथ उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज शतक के सनथ जयसूर्या के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है:
-
45 गेंद: सनथ जयसूर्या vs CSK (2008)
-
45 गेंद: तिलक वर्मा vs GT (2026)
-
47 गेंद: कैमरन ग्रीन vs SRH (2023)
आलोचकों को करारा जवाब: इस मुकाबले से पहले तिलक का फॉर्म चिंता का विषय था, उन्होंने पिछली पांच पारियों में मात्र 43 रन बनाए थे। लेकिन इस मैच में 8 चौकों और 7 छक्कों की मदद से उन्होंने आलोचकों का मुंह बंद कर दिया। अंतिम 6 ओवरों में मुंबई ने 96 रन जोड़े, जिसमें तिलक का योगदान सबसे अहम रहा।
रबाडा की रफ्तार पर भारी तिलक का 'तूफान': इससे पहले कगिसो रबाडा ने 152 किमी/घंटा की रफ्तार से सूर्यकुमार यादव का स्टंप उखाड़कर मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया था। रबाडा ने 4 ओवर में 3 विकेट झटके, लेकिन तिलक की आक्रामक बल्लेबाजी ने गुजरात के गेंदबाजों के हौसले पस्त कर दिए और मुंबई को एक विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।

एमपी में 2025 बैच के IAS अधिकारियों की पोस्टिंग, प्रशासन को मिले नए चेहरे
किसानों के लिए खुशखबरी, 9 मई तक कर सकेंगे स्लॉट बुकिंग, खरीदी जारी
हीटवेव का कहर जारी, 10 राज्यों में अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
मध्य प्रदेश में 'सूर्यदेव' के तेवर तल्ख: 44 डिग्री के पार पहुंचा पारा, 22 जिलों में 'लू' का अलर्ट
AAP की नींव में संघर्ष, केजरीवाल बोले- 9 किलो तक कम हो गया था वजन