तलाक के पांच दिन बाद दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी की हत्या कर खुद खाया ज़हर, मासूम बिलखता रहा दूध के लिए
मेरठ : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद इलाके से सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने पत्नी की हत्या कर खुद भी कीटनाशक निगल लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गांव अलीपुरा में नजाकत ने घर में सो रही पत्नी सायबा (32) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी और खुद ने कीटनाशक निगल लिया। जिसका पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा है। आरोपी ने पांच दिन पहले ही पत्नी को चरित्र पर शक में तीन तलाक भी बोल दिया था। पुलिस के मुताबिक, सोमवार की रात करीब 11 बजे नजाकत अपने घर लौटा। उसने चारपाई पर सो रही पत्नी सायबा पर चाकू से हमला कर दिया।
बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। लोगों ने गंभीर रूप से घायल सायबा को सीएचसी में पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी ने भी कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नजाकत ने सायबा से दूसरी शादी की थी। सायबा घरों में झाडू पोंछा कर बच्चों का पालन पोषण कर रही थी।
कभी कभार उसे काम से लौटने में देर हो जाती तो नजाकत उसके चरित्र पर शक करने लगा। पांच दिन पहले इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। झगड़े में नजाकत ने सायबा को तीन तलाक बोला और चला गया। सोमवार की रात घर लौटने पर सायबा की हत्या कर दी। सायबा अपने पीछे छह बच्चों को छोड़ गई है। पड़ोसियों ने बताया कि नजाकत नशे का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी से मारपीट करता था। देर रात शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चाकू का वार लीवर के आरपार आया है।
मां के दूध के लिए बिलखता रहा डेढ़ साल का मासूम
नजीबाबाद के अलीपुरा में सायबा हत्याकांड के बाद पड़ोसियों को छह बच्चों की चिंता सता रही है। अब उनकी देखभाल कौन करेगा। सबसे ज्यादा मार्मिक तस्वीर उस वक्त सामने आई जब डेढ़ साल का मासूम अपनी मां का दूध पीने के लिए बिलखता रहा। मगर उसे दूध पिलाने वाली मां अब लाश बन चुकी थी।
दरअसल अभी तक डेढ़ साल का बालक अपनी मां का ही दूध पीता था। पुलिस के अनुसार, नजाकत की पहली पत्नी की मौत करीब 15 साल पहले हो चुकी थी, पहली पत्नी से पांच बच्चे हुए। इसके बाद बिहार की रहने वाली सायबा से नजाकत ने शादी की। सायबा ने छह बच्चों को जन्म दिया। बड़ी बेटी सानिया की उम्र 13 साल है। बाकी बच्चे इससे छोटे हैं। सबसे छोटा बालक डेढ़ साल का है।
आसपास के लोगों ने बताया कि डेढ़ साल का बालक अभी तक मां का ही दूध पीता था। रात में नजाकत ने पत्नी सायबा को मार डाला। मंगलवार की सुबह लोगों की भीड़ उसके घर में जमा थी। उधर डेढ़ साल का मासूम रोता बिलखता नजर आया। कभी अपनी बहन के पास जाता तो कभी दूसरे भाई बहनों के, लोगों ने बताया कि वह मां के दूध के लिए परेशान है।
सानिया ने मचाया शोर
रात में 11 बजे तक सभी सो चुके थे। नजाकत घर आया और उसने पत्नी को चाकू मारना शुरू कर दिया। तभी बड़ी बेटी सानिया की आंख खुली तो उसने भयानक मंजर देख शोरा मचाया। इसके बाद ही पड़ोसी दौड़कर मौके पर पहुंचे। हत्यारोपी ने घटना के बाद विषैला पदार्थ खा लिया था। पुलिस की निगरानी में उपचार के लिए हत्यारोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। - नितेश प्रताप सिंह, सीओ, नजीबाबाद

NEET-UG पेपर लीक: मास्टरमाइंड शुभम की न्यायिक हिरासत 15 जून तक बढ़ी, मनीषा वाघमारे की बेल पर 9 को फैसला
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े प्रदर्शनकारी: जंतर-मंतर से अभिजीत दीपके की दोटूक- 'छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ मंजूर नहीं'
सीमा पर संगीत का संगम, अटारी बॉर्डर पर परफॉर्म करेंगे एआर रहमान
सिंगर नेहा कक्कड़ ने फैंस को दिखाई बर्थडे सेलिब्रेशन की खास झलक
राज्यसभा चुनाव: मप्र से बीजेपी उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने दाखिल किया नामांकन, सीएम मोहन यादव रहे मौजूद
अमेरिका में जासूसी केस पर बड़ा खुलासा, पत्रकार ने माना अपना दोष
आर्थिक मोर्चे पर भारत की ऊंची छलांग: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जीडीपी ग्रोथ को बताया मजबूत भारत का प्रतीक
तीन बच्चों समेत 4 लोगों की मौत, रीवा सिलेंडर ब्लास्ट से दहला इलाका
‘तलाक, तलाक, तलाक’ कहकर छोड़ा साथ, महिला ने न्याय की लगाई गुहार
सार्थक करेगा स्टूडेंट्स की उपस्थिति की निगरानी, नई व्यवस्था लागू