धर्म छिपाकर युवती से शोषण, युवक की मौत; पति की हत्या की साजिश का खुलासा
वाराणसी।चितईपुर थाना क्षेत्र के केदार का पूरा मोहल्ले में रविवार देर रात महिला के प्रेम संबंध को लेकर उसके प्रेमी और साथियों ने घर पर पहुंचकर पति पर हमला करने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया और तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा।मूल रूप से राजातालाब निवासी पति का कहना है कि वह चितईपुर क्षेत्र के केदार का पूरा में किराए के मकान में पत्नी और छोटे भाई के साथ रहते हैं। उसकी पत्नी का राजातालाब क्षेत्र के खेवसीपुर निवासी सूरज पटेल से प्रेम संबंध है और दोनों के बीच मोबाइल पर लगातार बातचीत होती रहती थी।
आरोप है कि पत्नी ने ही अपने प्रेमी सूरज को मेरी हत्या कराने के लिए बुलाया था। रविवार देर रात सूरज अपने करीब पांच साथियों के साथ असलहा और लोहे की रॉड लेकर संतोष के घर पहुंच गया और मारने की नीयत से हमला करने की कोशिश की। घटना के बाद खुद को बचाने और साक्ष्य मिटाने के लिए पत्नी ने अपना मोबाइल सिम तोड़ दिया। देर रात शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे।
इस दौरान परिजनों ने सूरज और उसके एक साथी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि सूरज ने घर पहुंचते समय रिवॉल्वर से फायरिंग भी की थी। प्रभारी निरीक्षक चितईपुर राकेश गौतम ने बताया कि प्रेम संबंध के विवाद में आरोपी अपने साथियों के साथ पहुंचा था। फायरिंग जैसी घटना नहीं हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर जेल भेजा गया।
धर्म छिपाकर युवती से शारीरिक शोषण का आरोपी गिरफ्तार
धर्म छिपाकर युवती से संबंध बनाने और मारपीट के मामले के आरोपी शान सिंह उर्फ सउद को कैंट थाना पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने धर्म परिवर्तन से संबंधित धाराएं भी बढ़ा दी हैं।पुलिस के अनुसार दोगपुरी टांडा तहसील सुवार जिला रामपुर निवासी शान सिंह उर्फ सउद वर्तमान में उल्फत बीबी का हाता, अर्दली बाजार थाना कैंट क्षेत्र में रहता है।
पीड़िता ने कैंट थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी ने अपना धर्म छिपाकर उससे संबंध बनाए। जब इस बात की जानकारी हुई और विरोध किया गया तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता और उसके साथी के साथ मारपीट की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर 24 घंटे के गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रामपुर के अजीमनगर थाने में साल 2021 में दुष्कर्म में प्राथमिकी भी दर्ज है।
डीजे वाहन की चपेट में आए युवक की इलाज के दौरान मौत
राजातालाब थाना क्षेत्र के नरसड़ा गांव में वैवाहिक समारोह के दौरान डीजे वाहन की चपेट में आकर घायल हुए युवक की सोमवार को बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर डीजे वाहन चालक और डीजे मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। नरसड़ा गांव में रविवार रात पेड़ा लाल सोनकर की पुत्री उषा सोनकर का विवाह समारोह चल रहा था। बारात भदोही जिले के नई बाजार से आई थी।
देर रात द्वारचार की रस्म के दौरान डीजे वाहन के पिछले हिस्से के टायर की चपेट में महमूरगंज मंडुवाडीह निवासी गोलू सोनकर (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलू सोनकर रिश्ते में दूल्हे के जीजा थे। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया। लेकिन सोमवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पत्नी रवीना रोकर बेसुध हो गई।
सोमवार को मृतक के परिजन थाना राजातालाब पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। नरसड़ा निवासी सुनील कुमार सोनकर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात डीजे वाहन चालक तथा डीजे मालिक पंकज निवासी हरसोस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी दयाशंकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
वाराणसी होकर गुजरेगी नई ट्रेन, पीएम पुरुलिया में दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 मार्च को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन वाराणसी जंक्शन (कैंट रेलवे स्टेशन) से गुजरेगी। इस नई ट्रेन के चलने से वाराणसी से अयोध्या और लखनऊ होते हुए आनंद विहार जाने वाले यात्रियों को सहूलियत होगी।
प्रधानमंत्री इस सप्ताह पश्चिम बंगाल के दौरे के दौरान देश को कई सौगात देंगे। इसी क्रम में रेलवे से जुड़े कई परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे। इसमें पुरुलिया से आनंद विहार तक जाने वाली नई ट्रेन की भी शुरुआत हो रही है। उत्तर रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार यह ट्रेन पुरुलिया से शुरू होकर रामगढ़, रांची, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, रोहतास, कैमूर और चंदौली स्टेशन होते हुए वाराणसी आएगी। यहां से यह अयोध्या, लखनऊ, बरेली और मुरादाबाद होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी। खास बात यह है कि यह ट्रेन पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से जुड़ेगी।
मोबाइल एसेसरीज दुकानदार से 37 हजार की ठगी
जैतपुरा थाना क्षेत्र के जलालीपुरा में मोबाइल एसेसरीज के एक दुकानदार को मदद के नाम पर ठग लिया गया। ठग ने खाते में रुपये भेजने का स्क्रीनशॉट दिखाकर दुकानदार से नगद रुपये ले लिए, लेकिन बाद में पता चला कि खाते में आए रुपये होल्ड कर दिए गए हैं। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। नक्खी घाट शैलपुत्री रोड निवासी आकाश कुमार गुप्ता की जलालीपुरा में मोबाइल एसेसरीज की दुकान है।
पीड़ित के अनुसार, 5 मार्च की शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच एक युवक उसकी दुकान पर आया और अपना नाम दीपक बताया। उसने कहा कि उसके पिता की तबीयत खराब है और बैंक बंद हो चुका है, इसलिए वह किसी से उसके खाते में रुपये मंगवा देगा। विश्वास कर दुकानदार ने उसे 37 हजार रुपये नगद दे दिए और 400 रुपये का सामान भी दे दिया। थाना प्रभार उपेंद्र सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
यूपीआई फ्रॉड कर खाते से 25 हजार रुपये उड़ाए
सिंधोरा थाना क्षेत्र के अमउत जंगर गांव निवासी चन्द्रजीत पटेल के बैंक खाते से साइबर ठगों ने यूपीआई के माध्यम से 25 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित के अनुसार, उसका बचत खाता यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की नेवादा शाखा में है। 24 सितंबर 2025 को ट्रांजेक्शन आईडी के जरिए अज्ञात व्यक्ति ने खाते से 25 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर निकासी कर ली। मामले की शिकायत पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।
महिला और चार वर्षीय बच्ची से मारपीट में प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया स्थित मयूर बिहार कॉलोनी में महिला और उसकी चार वर्षीय बच्ची से मारपीट के मामले में पुलिस ने पीड़िता के पति की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। प्राथमिकी कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुई। मंतोष चौधरी ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि 27 जनवरी को उनकी पत्नी मानसी चौधरी अपने घर पर निर्माण कार्य करा रही थीं।
पड़ोसी शीला चौधरी अपनी बेटियों अन्तरा, बिट्टू और बुलबुल के साथ पुरानी रंजिश को लेकर वहां पहुंच गईं और मारपीट करने लगीं। मारपीट के दौरान मानसी चौधरी को चोटें आईं, वहीं चार वर्षीय बेटी मुस्कान को भी जमीन पर पटक दिया गया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
दूसरे वर्ग के युवक पर किशोरी को साथ ले जाने का आरोप
बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी को अपने साथ ले जाने के आरोप में एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। किशोरी के पिता ने सोमवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि हरहुआ डीह निवासी वारिस हाशमी ने 16 वर्षीय बेटी को अपनी बातों में फंसाकर अपने साथ ले गया। जब शिकायतकर्ता आरोपी के घर गए, तो आरोपी के परिजनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पिकअप में ठूंसकर तस्करी के लिए जा रहे सात गोवंश, एक की मौत
चौबेपुर क्षेत्र के राजवारी इलाके में रविवार को पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे पशुओं को पुलिस ने बरामद किया और इस मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। दुर्गवा गांव निवासी अखिलेश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 मार्च 2026 की सुबह वह टहलने के लिए हवाई पट्टी की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि पिकअप को दूसरी गाड़ी से टोचन कर ले जाया जा रहा था।
संदेह होने पर ग्रामीणों ने वाहन के साथ चल रहे लोगों से पूछताछ की, लेकिन वे दूसरी गाड़ी लेकर मौके से भाग गए। इसके बाद ग्रामीणों ने पिकअप के पास जाकर देखा तो उसमें सात गोवंश रस्सियों से क्रूरतापूर्वक बंधे थे। कई के मुंह से झाग निकल रहा था।
ग्रामीणों ने मिलकर तत्काल रस्सियां काटकर गोवंशों को मुक्त कराया और पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ गोवंश क्रूरता अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वाहन नंबर के आधार पर चालक समेत अन्य की खोजबीन की जा रही है।
सिलिंडर में लगी आग से फ्लोर डीजे व लाइटिंग जली
फूलपुर थाना क्षेत्र के फूलपुर बाजार स्थित एक सामुदायिक भवन में सोमवार दोपहर गैस सिलिंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से फ्लोर डीजे और लाइटिंग के उपकरण जलकर नष्ट हो गए। भुक्तभोगी शीतल मोदनवाल ने बताया कि पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, फूलपुर बाजार निवासी कल्लू भूजा की भतीजी की बारात सोमवार को आनी थी। घर के सामने स्थित सामुदायिक भवन में शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं। यहां फूलपुर के शीतल मोदनवाल का फ्लोर डीजे और लाइटिंग सिस्टम लगाया गया था। बगल में चाट का स्टॉल था।
चाट बनाते समय सिलिंडर में गैस रिसाव से आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में लगे फ्लोर डीजे व लाइटिंग सिस्टम को अपनी चपेट में ले लिया। चाट बनाने वाले कारीगर जान बचाकर वहां से भाग निकले। फूलपुर निवासी राहुल गुप्ता ने साहस का परिचय दिया और आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिली थी। आग लगने के कारणों का पता किया जा रहा है।
तेज आवाज में लाउड स्पीकर बजाने पर पहली बार प्राथमिकी
काजीपुर कला में सोमवार को तेज आवाज में लाउड स्पीकर बजाने पर मकान मालिक रब्बानी हसन के खिलाफ दशाश्वमेध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। लाउड स्पीकर मामले में कमिश्नरेट में पहली बार प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई की गई है। दोनों लाउड स्पीकर पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि वर्तमान में यूपी बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। इस बीच डायल-112 पर सूचना मिली कि काजीपुर कला मोहल्ले में तेज आवाज में लाउड स्पीकर बजाए जा रहे हैं, जिससे छात्र-छात्राओं समेत अन्य बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है।
बिना अनुमति छत पर लाउड स्पीकर बजाने के मामले में मकान मालिक रब्बानी हसन के खिलाफ दशाश्वमेध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। इस दौरान लाउड स्पीकर और एम्प्लीफायर जब्त किए गए। भेलूपुर के शिवाला के स्थायी निवासी रब्बानी हसन अनुमति पत्र नहीं दिखा सके।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी समीर सिंह को चितईपुर पुलिस ने सोमवार को हैदराबाद गेट से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के जालालीपट्टी का निवासी है। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि पीड़िता ने आरोप लगाया कि समीर सिंह ने शादी का झांसा देकर पिछले लगभग दो वर्षों से शारीरिक संबंध बनाए।
वाहन चोरी का आरोपी गिरफ्तार
वाहन चोरी के आरोपी सूरज कुमार उर्फ़ कल्लू को चेतगंज पुलिस ने रविवार की रात सोनभद्र के चुर्क से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी सोनभद्र के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के चुर्क का निवासी है। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि एक मार्च को वाहन लोडर चोरी होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में विकास बियार निवासी चुर्क को पूर्व में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का वाहन लोडर बरामद किया जा चुका है। विवेचना के क्रम में आरोपी सूरज कुमार उर्फ़ कल्लू वांछित चल रहा था।
पुलिस ने दो वारंटियों को गिरफ्तार किया
चौबेपुर और चोलापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है। चौबेपुर पुलिस ने पाण्डेयपुर मुनारी निवासी हृदय नारायण पाण्डेय (59) को वारंट के आधार पर उनके घर से गिरफ्तार किया। जबकि चोलापुर पुलिस ने भटपुरवा कला नवापुर निवासी सुभाष चन्द्र उर्फ़ रामबली पटेल (45) को गिरफ्तार किया।
डंपर की टक्कर से मालवाहक मैजिक पलटी, दो घायल
लंका थाना क्षेत्र के नुवाव इलाके में हाईवे पर सोमवार को तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से मालवाहक मैजिक पलट गई। हादसे के बाद वाहन में लदा सामान सड़क पर बिखर गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार मैजिक चालक आकाश (28) अपने साथी विक्की (22) के साथ मॉल से सामान लोड कर रामनगर की ओर जा रहा था।
वाहन नुवाव गांव के सामने हाईवे पर पहुंचा, पीछे से आ रहे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मैजिक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक आकाश और उसके साथ बैठे विक्की घायल हो गए। दोनों रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहन सराय के निवासी बताए जा रहे हैं। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी है और मामले की जांच की जा रही है।
जमीन के विवाद में घर में घुसकर महिला पर हमला
बड़ागांव थानाक्षेत्र के करोमा गांव में रविवार की शाम जमीन विवाद में घर में घुसकर महिला से मारपीट करने के मामले में आरोपियों के खिलाफ महिला की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज हुई। पुलिस को दी तहरीर में कोरमा गांव निवासी मुन्नी ने आरोप लगाया कि घटना के समय उनके दोनों बेटे घर से बाहर थे। घर में अकेला पाकर प्यारेलाल, नैन्सी, मानसी, नितिन तथा अन्य लोगों ने ईंट से मारकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
बाजार के लिए निकली युवती लापता
फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव से बाजार जाने के लिए घर से निकली 22 वर्षीय युवती घर नहीं लौटी। खोजबीन के बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस को दी तहरीर में युवती के पिता ने बताया कि बेटी रविवार को दोपहर दो बजे घर से बाजार के लिए निकली थी। देर शाम तक नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू की गई। थक-हारकर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि युवती की तलाश के लिए टीम लगा दी गई है।
जमीन नहीं बेचने पर जान से मारने की धमकी
जलालीपट्टी मंडुवाडीह निवासी अनिल कुमार सिंह ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि रोहनिया थाना क्षेत्र के मड़ाव निवासी एक दबंग व्यक्ति उन पर जमीन बेचने का दबाव बना रहा है। उन्होंने बताया कि मंडुवाडीह और रोहनिया थाने में बार-बार शिकायत करने के बावजूद मामला दर्ज नहीं किया गया। पुलिस आयुक्त ने जांच कर उचित कार्रवाई का निर्देश संबंधित थाना पुलिस को दिया।
दिव्यांगों के पुनर्वास केंद्र की 3 तीन में दें रिपोर्ट
जिलाधिकारी द्वारा नामित मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर दिव्यांगों के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, जिला प्रबंधन टीम, लीगल गार्जियनशिप, यूडीआईडी के लिए अनुश्रवण समिति और जिला दिव्यांगता समिति पर चर्चा की।
उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा नए डीडीआरसी (दीनदयाल दिव्यांगजन पुनर्वास योजना) के संचालन के लिए स्थान को चयनित करने के कमेटी गठित कर तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। कहा कि हर दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनवाने जाएं और पोर्टल पर किसी भी प्रकार का कोई आवेदन लंबित न रखा जाए। सीडीओ ने लीगल गार्जियनशिप के लिए स्थानीय स्तर पर कमेटी गठित कर आए 10 आवेदनों को अनुमोदित करने को कहा। संचालन जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह ने किया।
लोकतंत्र में महिला और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राजनीति विज्ञान विभाग में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में वक्ताओं ने यूपी में होने वाले पंचायत चुनाव में उच्च शिक्षण संस्थानों की भूमिका पर चर्चा की। बतौर मुख्य वक्ता पंचपरमेश्वर विद्यापीठ के संस्थापक डॉ. चंद्रशेखर प्राण ने कहा कि लोकतंत्र में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
संगोष्ठी में डॉ. चंद्रशेखर ने कहा कि जन-अधिकार और स्वशासन प्रणाली के माध्यम से प्रत्यक्ष लोकतंत्र के आधार पर सरकार के निर्माण और संचालन की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने स्थान विशेष की समस्याओं के चयन और समाधान का संकल्प लेना होगा। अगर इस पर सही तरीके से कार्य किया जाए तो लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार पंचायतों में और भी सुदृढ़ होगा।
प्रो. रविप्रकाश ने लोकतंत्र की नींव की मजबूती पर चर्चा की। अध्यक्षता करते हुए राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. मोहम्मद आरिफ ने ग्राम स्वराज की परिकल्पना को प्रासंगिक बताया। संचालन डॉ. रेशम लाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रदीप कुमार ने दिया। कार्यक्रम में प्रो. सूर्यभान प्रसाद, प्रो. संजय, राजेश टंडन, डॉ. ज्योति मौजूद रहे।
कलिकाल में कथा और सत्संग से मिलेगी मृत्यु के भय से मुक्ति: श्रीकांत पाठक
भास्कर शास्त्री ने कहा कि मानव जीवन में राम चरित मानस का विशेष महत्व है। मानस ग्रंथ में जीवन एवं समाज की समस्त समस्याओं का निदान है। प्रभु श्रीराम के चरित्र का अनुकरण करने वालों का जीवन प्रकाश से भर जाएगा और किसी भी कठिन परिस्थिति में वह विचलित नहीं हो सकता। श्रीराम चरित मानस समिति की ओर से नौ दिवसीय 19वें मानस सम्मेलन का शुभारंभ पहड़िया स्थित गौतम बुद्ध कालोनी में वह प्रवचन कर रहे थे।
सोनभद्र के मानस वक्ता श्रीकांत पाठक ने कहा कि संसार दुखों का सागर है और जीव को पग-पग पर मृत्यु का भय सताता है। कथा और सत्संग के सिवाय इस भय से मुक्ति का कोई दूसरा उपाय कलिकाल में नहीं है। रामनाम रूपी जहाज पर सवार होकर इस भव सागर को पार किया जा सकता है। यजमान संतोष पांडेय ने सपत्नीक पोथी, पादुका पूजन एवं व्यास पूजन किया। आयोजन और संचालन क्षत्रधारी सिंह ने किया।
प्रादेशिक जिमनास्टिक के लिए वाराणसी की टीम घोषित
खेल विभाग की ओर से जिमनास्टिक खिलाड़ियों का चयन ट्रायल सोमवार शाम सिगरा के डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में लिया गया। इसमें जिले के 54 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें से प्रदर्शन के आधार पर कुल 11 खिलाड़ियों का चयन प्रादेशिक प्रतियोगिता के लिए हुआ। देर शाम खिलाड़ियों की सूची घोषित कर दी गई। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि प्रादेशिक जिमनास्टिक में खेलने के लिए बालिका वर्ग में पांच और बालक वर्ग में छह खिलाड़ी चयनित हुए।
वाराणसी में पहली बार इसका शिविर लगा है। कोच अतुल शाही ने बताया कि पहली बार वाराणसी के जिमनास्ट इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। संचालन कनाई चंत तालापात्रा, धन्यवाद ज्ञापन जिमनास्टिक संघ के सचिव अखिलेश रावत ने दिया। इस मौके पर अवधेश पटेल, नागेंद्र चौरसिया, अमल चतुर्वेदी, शिखा सिंह, चंद्रभान यादव मौजूद रहे।
सुविधा समागम में दी गई ईएसआईसी की योजनाओं की जानकारी
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के 75वें वर्षगांठ पर विशेष पखवाड़े के तहत सोमवार को पांडेयपुर स्थित ईएसआईसी अस्पताल में सुविधा समागम कार्यक्रम हुआ। इसमें वाराणसी परिक्षेत्र के 20 से अधिक नियोक्ताओं और कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में उप क्षेत्रीय कार्यालय के कार्यालय प्रमुख संजय कुमार और ईएसआईसी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीके राय ने प्रतिनिधियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर ही उनका उचित समाधान भी किया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीके राय ने अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने संस्थानों के कर्मचारियों को ईएसआईसी की योजनाओं के प्रति ज्यादा से ज्यादा जागरूक करें। कार्यक्रम में उप निदेशक प्रवीण कुमार सिंह, सहायक निदेशक आलोक कुमार मिश्र और सहायक निदेशक कृष्ण मुरारी आदि मौजूद रहे।
कबड्डी में अर्थ साइंस ने जियोग्राफी को हराया
विज्ञान संस्थान बीएचयू की ओर से अंतर विभागीय कबड्डी प्रतियोगिता में सोमवार शाम ब्रोचा मैदान पर शुरू हुई। उद्घाटन मैच में अर्थ सांइस ने जियोग्राफी विभाग को दो सेट में 14-8, 26-17 के स्कोर से हरा दिया। मैच में अर्थ साइंस विभाग के अटैकर कृष्णानंद दूबे और कैचर आयुष पांडेय की जोड़ी से जियोग्राफी विभाग के खिलाड़ी पार नहीं पा सके। आयोजन सचिव प्रो. निर्माला होरो ने रहीं। मैच शुरू होते ही कृष्णानंद दूबे ने पहली ही रेड में तीन अंक हासिल किए। पहले दिन के मुकाबले में कमेस्ट्री ने डीएसटी को, स्टेटिक्स ने कंप्यूटर साइंस, मैथ ने बोटनी, जूलोजी ने डीएसटी विभाग की टीम को हरा दिया।
संस्कृत विवि में आज से बीएड की सेमेस्टर परीक्षा
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में मंगलवार से बीएड के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा शुरू होगी। इसमें सत्र 2025-27 के प्रथम सेमेस्टर के रेगुलर, भूतपूर्व, बैकपेपर, श्रेणी सुधार और 2024-26 तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। विवि में शास्त्री की परीक्षा खत्म होने के बाद अब बीएड यानी शिक्षाशास्त्री की परीक्षा शुरू हो रही है।
इसमें दोनों सत्र के लिए अलग-अलग समय का निर्धारण किया गया है। इसमें प्रथम सेमेस्टर में सुबह 8 से 11 बजे और तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा दोपहर 1 से 4 बजे तक कराई जाएगी। परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश कुमार ने बताया कि 10 से 12 मार्च तक परीक्षा होगी। सभी महाविद्यालय के प्राचार्यों को इसकी जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूरी करा ली गई हैं।
बीएचयू में आज से गौतम बुद्ध के दर्शन पर बात पर करेंगे 6 देश के विशेषज्ञ
बीएचयू में मंगलवार से दक्षिण एशिया में बुद्धिज्म पर तीन दिन का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होगा। छह देशों और 24 राज्यों के विद्वान आएंगे। केएन उडुप्पा ऑडिटोरियम में प्राचीन भारतीय इतिहास संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के शताब्दी समारोह पर ये कार्यक्रम किया जाएगा। इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अमेरिका, जर्मनी, श्रीलंका, वियतनाम, म्यांमार, नेपाल देशों के साथ ही भारत के 24 राज्यों के 175 मर्मज्ञ विद्वान, धर्म, कला, संस्कृति और पुरातत्व के विशेषज्ञ भाग लेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी होंगे। मुख्य कार्यक्रम जेएनयू के प्रोफेसर और कला व सौंदर्यशास्त्र के मर्मज्ञ डॉ. एएस अलाेने और कोलोराडो यूनिवर्सिटी अमेरिका के फ्रेडरिक एल कूलीज विशेष व्याख्यान देंगे।
बरेका कर्मचारियों ने ली संरक्षा जागरूकता की शपथ
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आयोजित कार्यक्रम में कर्मचारियों ने संरक्षा जागरूकता की शपथ ली। मुख्य संरक्षा अधिकारी रामजन्म चौबे ने सभी को शपथ दिलाई। साथ ही स्टोर, सिविल एवं ब्लॉक डिवीजन के कर्मचारियों के बीच संरक्षा जागरूकता पर संगोष्ठी, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई गई। इसके विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। उन्नत सुरक्षा के लिए लोगों को संलग्न करें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएँ विषय पर निबंध प्रतियोगिता भी कराई गई।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की गौ प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा रोकने की मांग
ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की गौ प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा पर रोक लगाने की मांग को लेकर एक जाने-माने धर्माचार्य के शिष्य ने सोमवार को जिला अदालत के स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। मामले में 13 मार्च को सुनवाई होगी।
प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि शंकराचार्य को सीतापुर पहुंचने से रोका जाना चाहिए। जिन बटुकों की ओर से बयान दर्ज कराए गए हैं, वे यात्रा में पड़ने वाले पड़ोसी जिले के रहने वाले हैं। यात्रा के कारण वे भयभीत हैं। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सात मार्च को वाराणसी से गौ प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा की शुरुआत की है। यह यात्रा 11 मार्च को लखनऊ में समाप्त होगी।
आईआईटी में दो दिन की तकनीकी हिंदी कार्यशाला शुरू
आईआईटी बीएचयू में सोमवार को दो दिवसीय तकनीकी हिंदी कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। राजभाषा प्रकोष्ठ की ओर से एनी बेसेंट लेक्चर थियेटर 35 अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सेदारी की। कर्मचारी राज्य बीमा निगम, नई दिल्ली के निदेशक (राजभाषा) डॉ. श्याम सुंदर कथूरिया ने यूनिकोड टाइपिंग, हिंदी फॉन्ट्स, राजभाषा से संबंधित जानकारी और ई-ऑफिस में हिंदी में कार्य करने के व्यावहारिक पहलुओं को बताया। अध्यक्षता संस्थान के कुलसचिव सुमित कुमार बिस्वास ने की। वहीं, तकनीकी अधिकारी, कनिष्ठ तकनीशियन, वरिष्ठ सहायक, कनिष्ठ अधीक्षक और वरिष्ठ अधीक्षक शामिल रहे।
बरेका में मेडिकल इमरजेंसी, ट्रॉमा केयर पर वेबिनार का प्रसारण
बनारस रेल इंजन कारखाना केंद्रीय चिकित्सालय के सभागार कक्ष में मेडिकल इमरजेंसी एंड ट्रामा केयर पर पोस्ट बजट वेबिनार में प्रधानमंत्री के संबोधन का प्रसारण किया गया। इसके बाद विशेषज्ञों ने इमरजेंसी, ट्राॅमा केयर पर चर्चा की।
बरेका अस्पताल के प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी बरेका डाॅ. देवेश कुमार ने बताया कि वेबिनार के माध्यम से विशेषज्ञों ने इमरजेंसी प्रोटोकॉल और मॉकड्रिल करने का सुझाव दिया गया। मेडिकल काॅलेज और डीएनबी पाठ्यक्रम में देशभर के बड़े चिकित्सा संस्थानों में इमरजेंसी मेडिसिन एंड ट्रॉमा केयर की सीट को 50 प्रतिशत बढ़ाने पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने 112 इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम को एंबुलेंस, हास्पिटल सिस्टम से इंटीग्रेट करने पर चर्चा की।
कैथी फीडर से आज 4 घंटे गुल रहेगी बिजली
बिजली निगम की ओर से बेहतर आपूर्ति के लिए इन दिनों उपकरणों का मेंटेनेंस कराया जा रहा है। इस दौरान पेड़ों की डालियों की छटाई भी की जा रही है। इसे लेकर मंगलवार को 33 केवी कैथी फीडर से जुड़े इलाकों में सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि इस दौरान 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र छाहीं एवं जाल्हूपुर से जुड़े गांवों में आपूर्ति बाधित रहेगी।
गोरखपुर निवासी युवती से बस चालक ने की छेड़खानी, प्राथमिकी दर्ज
रांची से गोरखपुर जाते समय वाराणसी में बस रुकने के दौरान चालक ने युवती से छेड़खानी की। युवती ने बस चालक अरविंद सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार, गोरखपुर के हुमायूपुर क्षेत्र निवासी युवती ने बताया कि वह बस (JH05D26409) से रांची से 8 मार्च को सफर कर रही थी।
सोमवार की भोर में तीन बजे बस वाराणसी में रुकी थी। बस का स्टाफ बाहर गया था। उसी दौरान बस के चालक बिहार के रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के डेहरा गांव निवासी अरविंद सिंह ने सीट पर आकर छेड़खानी की। शोर मचाने पर वह अपनी सीट पर चला गया। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
जानलेवा हमला के आरोपी दो सगे भाईयों को मिली जमानत
पैसे के लेनदेन के विवाद में युवक को घेरकर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में दो सगे भाइयों को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (आवश्यक वस्तु अधिनियम) सर्वजीत कुमार सिंह की अदालत ने दशाश्वमेध निवासी आरोपित शरद यादव व उसके भाई संजीव यादव को आरोप सिद्ध न होने पर संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।
कूटरचित दस्तावेज से मकान पर नाम चढ़वाने के प्रयास में आरोपी की अग्रिम जमानत खारिज
अपर जिला जज (चतुर्थ) सुधाकर राय की अदालत ने कूटरचित दस्तावेज के आधार पर मकान पर नाम दर्ज कराने के प्रयास के आरोपी नई सड़क निवासी आसिफ खान की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। प्रकरण के अनुसार वादी की ओर से थाना दशाश्वमेध में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि आसिफ खान वादी के मकान में किरायेदार के तौर पर रह रहे हैं और उनकी नियत शुरू से ही मकान पर कब्जा करने की रही है।
वादी का आरोप है कि इस मामले में अब्दुल सलाम ने 23 मार्च 1957 का कथित बैनामा दिखाते हुए वर्ष 2020 में नगर निगम में आवेदन देकर अपने नाम से अभिलेखों में नाम दर्ज कराने का अनुरोध किया था। मामले की जांच शुरू होने पर नगर निगम के सचिव द्वारा आपत्ति दाखिल की गई, जिसके बाद नामांतरण की कार्रवाई स्थगित कर दी गई। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
जमीन की समस्याओं का समाधान देने वाले रिसर्च को सरकार दे रही समर्थन
बीएचयू में सोमवार को मल्टीफंक्शनल मैटेरियल्स और डिवाइसेज पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की शुरुआत हुई। विज्ञान संस्थान स्थित महामना हॉल में आए वैज्ञानिकों ने कहा कि रिसर्च से जमीन की समस्याओं का समाधान देने वाले लैब को सरकार का अच्छा समर्थन मिल रहा है। यहां पर एडवांस तकनीकी डिवाइस और नए विकास मॉडल पर चर्चाएं हुईं। इस पूरे सम्मेलन की सार-पुस्तिका का लोकार्पण भी किया गया।
सीएसआईआर–नेशनल फिजिकल लेबोरेटरी के निदेशक प्रो. वेणु गोपाल अचंता ने कहा कि सरकार उन परियोजनाओं को खूब समर्थन दे रही है, जो लैब में होने वाले शोध को व्यावहारिकता में बदलकर वास्तविक जीवन की चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करती हैं। भारत के अंतरराष्ट्रीय साझेदार स्थानीय स्तर पर वेस्ट मैनेजमेंट सहित कई वैश्विक समस्याओं के समाधान विकसित करने के लिए इच्छुक हैं।
कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि भारत को विनिर्माण के क्षेत्र में अपनी गति को तेज करने की जरूरत है। कुलपति ने कहा कि इस तरह के शोध पूरे देश के लिए फायदेमंद होंगे। संकाय प्रमुख प्रो. राजेश कुमार श्रीवास्तव, भौतिकी विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेंद्र कुमार सिंह और संयोजक प्रो. संजय कुमार आदि मौजूद रहे।
डीआरएम ने 28 महिला रेलकर्मियों को किया सम्मानित
पूर्वोत्तर रेलवे के लहरतारा स्थित न्यू लोको काॅलोनी में आयोजित समारोह में डीआरएम आशीष जैन ने 28 महिला रेल कर्मचारियों को बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया। इस दौरान स्काउट गाइड और महिला कर्मियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से समारोह को यादगार बना दिया।
महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में डीआरएम आशीष जैन और मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष वानी जैन ने प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया। डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि भारतीय रेल जैसे विशाल संगठन में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। महिला कर्मचारी ट्रेन संचालन, इंजीनियरिंग, सुरक्षा, चिकित्सा, सेवाओं और प्रबंधन जैसे अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं।
मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा वानी जैन ने कहा कि रेलवे, केवल पटरियों और ट्रेनों का नेटवर्क नहीं है, बल्कि यह देश की जीवन रेखा है। इस जीवन रेखा को सार्थक बनाने में महिला रेल कर्मियों की भूमिका अहम है। कार्यक्रम में कार्मिक विभाग की महिला रेल कर्मी महुआ बनर्जी ने शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डाॅ. ममता सिंह ने एनीमिया बीमारी के लक्षण और इससे बचने के उपाय बताया। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय अधीक्षक/कार्मिक निरु अवस्थी, धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने किया।
सेवापुरी में हुई ग्राम प्रधान और प्रधानाध्यापकों की उन्मुखीकरण संगोष्ठी
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से विकास खंड सेवापुरी सभागार में सभी ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान और परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के लिए सोमवार को उन्मुखीकरण संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. सुजीत सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
डॉ. सुजीत ने कहा कि विद्यालय बच्चों का सर्वांगीण विकास कर रहा है। इसकी झलक काशी सांसद प्रतियोगिता में देखने को मिलती है। ग्राम प्रधान अपने गांव के विद्यालय में शैक्षिक वातावरण बनाएं। खंड शिक्षा अधिकारी सेवापुरी संजय कुमार यादव ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बच्चों में भाषा, गणित के निपुणता के साथ उसके लिए विद्यालय को आनंददायी बनाने के लिए ऑपरेशन कायाकल्प के तहत काम किया जा रहा है।
एसआरजी कुंवर भगत सिंह, एआरपी शशि प्रकाश राय, राकेश विंद, वीरेंद्र पांडेय, नितिन कुमार सिंह ने विचार रखे। इस दौरान राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल छात्रों के प्रधानाध्यापक को सम्मानित किया गया। संचालन एआरपी हिंदी आशुतोष कुमार मिस्र ने किया। आभार पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष प्रधानाध्यापक संतोष कुमार सिंह ने किया।
संविलियन विद्यालय बनकट में मनाया गया वार्षिकोत्सव
चिरईगांव ब्लाॅक के संविलियन विद्यालय बनकट में सोमवार को वार्षिकोत्सव मनाया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ज्योति भूषण त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसमें बच्चों ने कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि ने कहा कि वार्षिकोत्सव ऐसा मंच है जहां शिक्षक पूरे वर्ष की अपनी मेहनत को बच्चों के माध्यम से अभिभावकों और विभाग के सामने प्रस्तुत करते हैं।
बच्चों ने देशभक्ति गीत, डांडिया डांस, आकर्षक नाटक और संगीत पर शानदार प्रस्तुतियां देकर तालियां बटोरीं। समापन पर मेधावी और प्रतिभाशाली छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्षता प्रधानाध्यापिका सुनीता जैसरवार ने और संचालन प्रमोद कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम में ब्लॉक के पांचों एआरपी भी मौजूद रहे।
वाराणसी और अयोध्या का सफर होगा आसान, लगेंगे ऑटोमैटिक सिग्नल
रेलवे प्रशासन वाराणसी और अयोध्या रूट को पूरी तरह से ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिग्नल करने की तैयारी में है। इसके लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेज दिया गया है। अभी इन दोनों रेल मार्ग के कुछ हिस्से ही ऑटोमैटिक सिग्नल हैं। वर्तमान में प्रयागराज जंक्शन के पास के कुछ हिस्सों में पुरानी तकनीक के कारण ट्रेनों को लाइन क्लियर मिलने का इंतजार करना पड़ता है। इस वजह से ट्रेनें आउटर पर खड़ी रहती हैं।
उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी के अनुसार, रामबाग-झूंसी और प्रयाग के बीच के खंडों को स्वचालित करने से आगामी कुंभ में श्रद्धालुओं का आवागमन आसान और सुरक्षित होगा। बता दें कि नैनी-मानिकपुर खंड को पहले ही इसके लिए मंजूरी मिल चुकी है।
बिजली कर्मियों ने उठाया निजीकरण का मुद्दा, आज करेंगे प्रदर्शन
बिजली निगम के निजीकरण का मुद्दा कर्मचारियों ने एक बार फिर से पुरजोर तरीके से उठाया है। इसमें लोकसभा में इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल 2025 प्रस्तुत करने के प्रस्ताव का कर्मचारियों ने विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर जिले के सभी बिजली कार्यालयों पर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन करेंगे। चेतावनी दी कि यदि संसद में प्रस्ताव पारित किया गया तो राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले केंद्र सरकार की ओर से इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल 2025 को लोकसभा में प्रस्तुत करने के फैसले का विरोध जताया गया। समिति के मीडिया प्रभारी अंकुर पांडेय ने कहा कि प्रदर्शन में बिजली कर्मचारियों के साथ ही जूनियर इंजीनियर सहित अन्य लोग कार्यालय में दोपहर में कामकाज नहीं करेंगे। कहा कि बिजली निगम का निजीकरण किसी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल 2025 किसान विरोधी, कर्मचारी विरोधी और उपभोक्ता विरोधी है। इस बिल के लागू होने से बिजली दरों में भारी वृद्धि होगी।
आज से दक्षिण भारत के 200 वैदिक विद्वान करेंगे अति महारुद्र यज्ञ
दक्षिण भारत के 200 से अधिक वैदिक विद्वान काशी में अति महारुद्र यज्ञ करेंगे। मंगलवार से महमूरगंज स्थित शृंगेरी मठ में 14 मार्च से विविध अनुष्ठान के साथ पूजन-अर्चन होगा। रोज 151 वैदिक विद्वान रुद्र पारायण करेंगे। पं. अन्नपूर्णा प्रसाद ने बताया कि विश्व में फैली अशांति से मुक्ति और कल्याण के लिए यह यज्ञ होगा। मंगलवार को गणपति हवन और अति महारुद्र यज्ञ के संकल्प लेंगे। इसके साथ ही रुद्र पारायण होगा। इसमें कुल 300 से अधिक वैदिक ब्राह्मण शामिल होंगे।
पर्यटन उद्यमियों ने खेली फूलों की होली, उमड़ा उत्साह
टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने नदेसर स्थित कार्यालय पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया। पर्यटन उद्यमियों ने एक दूसरे पर फूलों की वर्षा कर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। आयोजन के दौरान पूरा परिसर फागुनी गीतों और फूलों की खुशबू से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री और शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि काशी का पर्यटन और यहां के उत्सव विश्वभर में अपनी अलग पहचान रखते हैं। कार्यक्रम में भाजपा नेता प्रेम कपूर, महेश श्रीवास्तव और प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर भी शामिल हुए। वाराणसी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोकुल शर्मा ने अतिथियों का स्वागत पारंपरिक तरीके से किया।
इस दौरान उपनिदेशक पर्यटन दिनेश कुमार, भारत पर्यटन के सहायक निदेशक पावस प्रसून और आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर.के. चौधरी और दीपक बजाज ने उद्यमियों के साथ मिलकर फूलों की होली खेली।
काशी में खुलेगी अर्का धाम की शाखा
अर्का धाम का जिले में नई शाखा की स्थापना होगा, जो आध्यात्म, शिक्षा एवं सेवा का समन्वित केंद्र बनेगा। धाम के संस्थापक महायोगी अर्का महाराज ने सोमवार को नई शाखा की स्थापना की घोषणा की। यह शाखा भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा, समाज के आध्यात्मिक, शैक्षिक और स्वास्थ्य विकास पर जोर दिया जाएगा। इसे मानव कल्याण को समर्पित एक बहुआयामी केंद्र के रूप में विकसित की जाएगी।
नदेसर स्थित एक होटल में पत्रकारवार्ता के दौरान अर्का महाराज ने शाखा खोलने की घोषणा करते हुए कहा कि इस शाखा में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए संस्थान स्थापित किए जाएंगे। इसमें गुरुकुल विद्यालय, आयुर्वेदिक अस्पताल, गोशाला, ध्यान एवं योग केंद्र, अतिथि गृह होटल आदि होगा।

ट्रंप प्रशासन से टकराई एआई कंपनी एंथ्रोपिक, पेंटागन के खिलाफ अदालत पहुंचा मामला
सोना-चांदी में जबरदस्त उछाल: चांदी ₹9250 महंगी, सोना ₹1.62 लाख पर
हरे निशान के साथ खुला बाजार: BSE Sensex 656 अंक उछला, NSE Nifty 50 24,200 के पार
बेटे के साथ हुए व्यवहार पर बोले संजू सैमसन के पिता—उम्मीद है अब ऐसा नहीं होगा
लोक निर्माण विभाग की महिला कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ी
टी20 वर्ल्ड कप में दो बार फाइनल हारने वाले देश, खिताब के करीब पहुंचकर भी रह गए खाली हाथ
रायसेन किले में ‘ईरान जिंदाबाद’ के नारे, रील बनाने वाले चार आरोपी कोर्ट पहुंचे
क्रिकेट का जादूगर: क्यों जसप्रीत बुमराह को कहा जा रहा गेंदबाजी का सचिन तेंदुलकर?
MSP पर गेहूं बिक्री में अड़चन: ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से परेशान किसान, कमलनाथ ने मोहन यादव को लिखा पत्र